नेशनल के टिकट को पहलवानों ने लगाए दांव
चौ. चरण सिंह विवि के रुस्तम-ए-जमां दारा सिंह कुश्ती हॉल में शनिवार को प्रदेश स्तरीय सीनियर कुश्ती प्रतियोगिता शुरू हुई।
मेरठ, जेएनएन। चौ. चरण सिंह विवि के रुस्तम-ए-जमां दारा सिंह कुश्ती हॉल में शनिवार को प्रदेश स्तरीय सीनियर कुश्ती प्रतियोगिता शुरू हुई। इसमें प्रदेशभर से ढाई सौ महिला व पुरुष पहलवान फ्री-स्टाइल व ग्रीकोरोमन कुश्ती में हिस्सा लेने मेरठ पहुंचे हैं। इस प्रतियोगिता से जालंधर में 28 नवंबर से एक दिसंबर तक होने जा रही राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के लिए प्रदेश की टीम भी बनाई जाएगी। इसी कड़ी में शनिवार को महिला वर्ग और ग्रीको रोमन की कुश्ती प्रतियोगिता हुई और इनके फाइनल भी खेले गए। इन दोनों वर्ग में विजेता खिलाड़ियों को नेशनल प्रतियोगिता के लिए नामित कर दिया गया है। रविवार को प्रतियोगिता में फ्री-स्टाइल की प्रतियोगिता और फाइनल मैच होंगे।
देखने को मिला दमदार दांव
खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने के लिए अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित अंतरराष्ट्रीय पहलवान अलका तोमर भी मौजूद रहीं। कुश्ती कोच डा. जबर सिंह सोम ने जिले व प्रदेश की कुश्ती संघ के पदाधिकारियों के साथ मैचों का संचालन किया। कुश्ती मैचों में प्रदेश भी महिला व पुरुष पहलवानों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए एक से बढ़कर दांव लगाए। साथ के पहलवानों ने मैच के दौरान दोनों ओर के पहलवानों को प्रोत्साहित किया। इस दौरान कल्याण सिंह भी उपस्थित रहे।
ग्रीको रोमन में इनका हुआ चयन
पुरुष वर्ग के ग्रीको रोमन कुश्ती में नेशनल के लिए चयनित खिलाड़ियों में 55 किलो में अच्युतानंद, 60 किलो में प्रशांत पटेल, 63 किलो में आलोक कुमार यादव, 67 किलो में गौरव दुहन, 72 किलो में अंकित कुमार, 77 किलो में सुशील कुमार, 82 किलो में संदीप कुमार यादव, 87 किलो में राम सिंह, 97 किलो में सुमित कुमार व 130 किलो वर्ग में गौरव गुर्जर का चयन हुआ है।
महिला वर्ग में इन्होंने मारी बाजी
महिला वर्ग के 50 किलो में दिव्या तोमर, 53 किलो में रूबी चौधरी, 55 किलो में साक्षी, 57 किलो में रिशू नागर, 59 किलो में पूजा यादव, 62 किलो में प्रियम यादव, 65 किलो में पूजा कुमारी, 8 किलो में अंशू गुर्जर, 72 किलो में नीलम तोमर और 76 किलो में सोनिया तोमर प्रदेश की टीम में चयनित हुई हैं।