बिजनौर में अष्टमी पर तुलसी का पौधा भेंट कर किया कन्याओं का पूजन
बिजनौर में परंपरागत कन्या पूजन करने के साथ ही कन्याओं को उपहार स्वरूप तुलसी के पौधे भेंट किए। उन्होंने कन्याओं को स्वयं द्वारा बनाए गए मास्क भी प्रदान किए। कई जगहों पर श्रद्धालुओं ने कन्या पूजन के बेहतरीन आयोजन किए।
बिजनौर, जेएनएन। बिजनौर के नजीबाबाद में शारदीय नवरात्र पर्व की अष्टमी तिथि को देवी भक्तों ने अपने अपने घरों पर कन्या पूजन किया। कुछ जगहों पर कन्या पूजन यादगार बन गया। कोविड-19 महामारी को देखते हुए कई जगहों पर श्रद्धालुओं ने कन्या पूजन के बेहतरीन आयोजन किए।
आदर्शनगर में गृहिणी ज्योति शर्मा ने अपने आवास पर परंपरागत कन्या पूजन करने के साथ ही कन्याओं को उपहार स्वरूप तुलसी के पौधे भेंट किए। उन्होंने कन्याओं को स्वयं द्वारा बनाए गए मास्क भी प्रदान किए। इसके अलावा श्रद्धालुओं ने कोरोनावायरस संक्रमण को देखते हुए कन्या पूजन के दौरान शारीरिक दूरी को अपनाया।
कुछ जगहों पर कन्याओं को प्रसाद के साथ मास्क और सैनिटाइजर भी दिया गया। गृहिणी मिथिलेश गुप्ता, रीता तोमर, नीति शर्मा ने बताया कि उन्होंने माता के विभिन्न स्वरूपों का स्मरण करते हुए सर्वजन के जीवन में सुख शांति की कामना और कोरोनावायरस की प्रार्थना की है।