10 में से दो का गिरेबां पकड़कर बोली..मेरे पति को क्यों मारा
सरबजीत हत्याकांड में महिला थाने पर कराई शिनाख्त परेड। 10 युवकों को लाइन में खड़ा किया, केवल दो को पहचाना।
जागरण संवाददाता, मेरठ। खरखौदा थानाक्षेत्र के गांव कबट्टा के जंगल में हुई दिल्ली पुलिस के हवलदार सरबजीत की हत्या के मामले में पुलिस उलझी हुई है। सरबजीत की पत्नी संगीता को महिला थाने में बुलाकर शनिवार को फिर से शिनाख्त परेड कराई गई। महिला के सामने 10 युवकों को खड़ा किया गया, लेकिन उसने उन्हीं दो युवकों को पहचाना है। जिन्हें शुक्रवार को थाने पर पहचाना था। यहीं नहीं महिला ने दोनों के गिरेबां पकड़ लिए और सवाल दागा कि बताओ मेरे पति को क्यों मारा।
गांव बढ़ला निवासी सरबजीत की 14 अक्टूबर को उस समय गोली मारकर हत्या कर दी थी, जब वह अपनी पत्नी संगीता और बेटियों के साथ गांव कबट्टा से लौट रहा था। इस मामले में शुक्रवार को पत्नी संगीता थाने पहुंची तो उसने हवालात में दो युवकों को देखा। जिन्हें उसने पहचान लिया और पुलिस को बताया कि इन युवकों ने उसके पति की हत्या की है। अंधेरे में इन युवकों को पहचाना था। पुलिस को युवकों के खिलाफ कोई ठोस सुबूत नहीं मिल रहा है। इसलिए शनिवार को फिर से उसे महिला थाने पर बुलाया गया। उसके सामने हिरासत में लिए गए दोनों युवक इलाहाबाद मंडिया निवासी नितिन, अंकित को ही महिला ने पहचाना। बाकी को इनकार कर दिया। वहीं, बता दें कि इन युवकों को क्राइम ब्रांच ने भी 15 दिन पहले हिरासत में लिया था, लेकिन जांच के बाद क्लीनचिट दे दी थी। अब पुलिस इन युवकों के बारे में गहनता से जांच कर रही है।
मामले को लेकर एसपी देहात राजेश कुमार ने कहा कि महिला थाने में संगीता से शिनाख्त कराई। उसने 10 युवकों में से केवल दो को ही पहचाना है। उच्चाधिकारियों से बात करके आगे की कार्रवाई की जाएगी।