घर में घुसकर महिला की गला रेतकर हत्या
कलंजरी गांव में बुधवार सुबह घर में अकेली एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मेरठ, जेएनएन। कलंजरी गांव में बुधवार सुबह घर में अकेली एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कलंजरी गांव निवासी राजू शर्मा हरियाणा में होटल पर काम करता है। बुधवार सुबह राजू की 45 वर्षीय पत्नी कुमुद घर पर अकेली थी। स्वजन खेत पर गए हुए थे, जबकि सुबह नौ बजे राजू का बेटा आशू व पुत्री शैली कालेज चले गए थे। सुबह 11 बजे राजू का छोटा भाई दीपक जब खेत से घर पहुंचा तो दरवाजा खोलते ही देखा कि कुमुद का लहूलुहान शव बरामदे में पड़ा था। गर्दन पर चाकू के कई वार थे। अलमारी का सारा सामान कमरे में बिखरा पड़ा था। पुलिस को हत्या में प्रयुक्त एक टूटा हुआ व एक साबुत घरेलू चाकू भी मृतका की गर्दन के पास पड़ा मिला। एसपी देहात व सीओ सरधना आरपी शाही ने स्वजन से जानकारी ली। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दीपक की तहरीर पर अज्ञात में मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ ने बताया कि पुलिस जांच में लूटपाट की बात सामने नहीं आई है। महिला ने जो जेवर पहने थे, वो मौजूद थे। कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। जल्द हत्या का राजफाश कर दिया जाएगा।
दीवार से लेकर कई जगह पड़ा था खून
हत्यारों ने निर्मम तरीके से वारदात को अंजाम दिया। बरामदे की दीवार से लेकर कई स्थानों पर खून पड़ा था।
साधु के वेश में हत्यारों के आने की चर्चा
वारदात के बाद गांव में कई तरह की चर्चाएं है। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि साधु के वेश में तीन लोग आए थे। उन्होंने ही लूटपाट का विरोध करने पर कुमुद की हत्या की होगी। कुछ ग्रामीणों का कहना था कि उन्होंने साधु के वेश में तीन लोगों को गांव से बाहर जाते हुए भी देखा था।