मुंबई से प्रेमी की तलाश में बिजनौर पहुंची महिला ने किया हंगामा, लगाए ये गंभीर आरोप
सोमवार को मुंबई से प्रेमी की तलाश में मंडावर थाना क्षेत्र के एक गांव में पहुंची महिला ने जमकर हंगामा किया। शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप। पीड़िता ने पुलिस को आरोपित के खिलाफ दी तहरीर ।
बिजनौर, जेएनएन। सोमवार को मुंबई से प्रेमी की तलाश में मंडावर थाना क्षेत्र के एक गांव में पहुंची महिला ने जमकर हंगामा किया। महिला ने शादी का झांसा देकर आरोपित पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीडि़ता ने आरोपित के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
यह है मामला
मंडावर थाना क्षेत्र के एक गांव का युवक मुंबई में कारोबार करने गया था। हाल ही में वह मुंबई से घर लौटकर आया है। सोमवार को एक महिला मुंबई से अपनी सहेली के साथ प्रेमी के घर पहुंची और हंगामा करते हुए शादी की जिद पर अड़ गई। युवक के स्वजन के इन्कार करने पर महिला ने थाने में तहरीर दे दी। महिला ने बताया है कि युवक ने उसे प्रेमजाल में फंसा लिया था। पता चलने पर पति ने उसे तलाक दे दिया।
युवक के साथ वह मुंबई में एक किराये के कमरे में रहने लगी। गर्भवती होने पर आरोपित गर्भपात कराकर गांव आ गया। आरोपित ने अपनी बहन की शादी के लिए उससे 35 हजार रुपये भी लिए थे। काफी दिन बाद भी जब आरोपित ने उससे संपर्क नहीं किया तो वह उसे तलाश करते हुए यहां तक पहुंची है। पीड़िता ने पुलिस से रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की। पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है।