मुजफ्फरनगर में गृह क्लेश के चलते पत्नी की गोली मारकर हत्या, मायके पक्ष का हंगामा Muzaffarnagar News
घरों में हो रहे क्लेशों के चलते लोग आपा खो रहे हैं। मुजफ्फरनगर के खतौली में रविवार को एक ऐसी घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी। पति ने विवादों के चलते पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
मुजफ्फरनगर, जेएनएन। मुजफ्फरनगर जिले के खतौली में रविवार की सुबह गृह क्लेश के चलते पति ने पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की। इस दौरान महिला के मायके पक्ष से आए लोगों जमकर हंगामा किया। पुलिस ने इन्हें समझाकर शांत किया। पुलिस ने आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया है।
कस्बे के बुढ़ाना रोड निवासी फिरोज गाड़ी चलाता है। रविवार की सुबह उसने घरेलू विवाद में पत्नी खुशनुमा को गोली मार दी। गोली उसके सीने में लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। गोली की आवाज सुनकर स्वजन मौके पर दौड़े। पुलिस को सूचित किया गया। सीओ आशीष प्रताप सिंह व इंस्पेक्टर एचएन सिंह घटनास्थल पर पहुंच गए और घटना की जानकारी ली।
वहीं दूसरी ओर मायके पक्ष ने हत्या को लेकर हंगामा किया और ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग को लेकर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने सभी को समझाकर कर शांत किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। स्वजन ने बताया खुशनुमा की 12 साल पर पहले शादी हुई थी। उसके दो बच्चे है। मायका पक्ष दोनों बच्चों को अपने साथ ले गए हैं।