मर्चेंट नेवी में अफसर पति के घर धरना, घंटों चला हंगामा, बेटी पैदा होने पर घर से निकाला था पति Meerut News
गाजियाबाद निवासी युवती की तीन साल पहले मेरठ में शादी हुई थी। साल भर पहले बेटी होने पर घर से निकाला था। इस मामला कोर्ट में चल रहा है।
मेरठ, जेएनएन। इंसाफ के लिए एक साल से भटक रही विवाहिता ने रविवार को मर्चेंट नेवी में अफसर पति के घर धरना दिया। उसका आरोप है कि बेटी पैदा होने पर उसे घर से निकाल दिया था। कई बार वह ससुराल आई, लेकिन घर में नहीं घुसने दिया। उसके साथ मारपीट की गई। धरने की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई थी। घंटों चले हंगामे के बाद पीडि़ता परिजनों के साथ लौट गई।
गाजियाबाद के लालकुआं निवासी नूपुर शर्मा की शादी तीन साल पहले नौचंदी थाना क्षेत्र के सेक्टर दो निवासी अंशुमन भारद्वाज से हुई थी। अंशुमन मर्चेंट नेवी में कैप्टन हैं। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताडि़त किया जाता था। एक साल पहले उसे बेटी हुई, जिसके बाद उसे अधिक परेशान किया जाने लगा। उसके साथ मारपीट की जाती थी। आरोप है कि उसे घर से निकाल दिया था। वह कई बार ससुराल आई, लेकिन घर में नहीं घुसने दिया। रविवार को वह पिता के साथ फिर से ससुराल आई थी, लेकिन परिजनों ने दरवाजा नहीं खोला। इस पर वह गेट पर ही धरने पर बैठ गई।
हंगामे की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। काफी देर तक ड्रामा चलता रहा। इस दौरान आस-पड़ोस के लोग भी एकत्र हो गए थे। विवाहिता ने कहा कि उसका पति घर में है। पुलिस वाले उससे बात करके आ गए, लेकिन कुछ कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। ससुराल वाले अपनी पहुंच का इस्तेमाल कर रहे हैं। उसने कहा कि यदि इंसाफ नहीं मिला तो वह मुख्यमंत्री से शिकायत करेगी। बाद में वह पिता और बेटी के साथ लौट गई। थाना प्रभारी आशुतोष कुमार ने कहा कि दोनों पक्षों का मामला कोर्ट में विचाराधीन है। मामले की जानकारी की जा रही है, इसलिए विवाहिता को दो दिन बाद फिर से बुलाया है। पुलिस पर लगाया गया आरोप निराधार है।