पत्नी पर चाकू से किया जानलेवा हमला, लहूलुहान होकर पहुंची बुलंदशहर नगर कोतवाली
बुलंदशहर निवासी महिला मुस्कान ने बताया कि पांच वर्ष पूर्व उसका निकाह अल्लारखा निवासी गांव ततारपुर के साथ हुआ था। अल्लारखा शराब पीने का आदी है और किसी न किसी बात पर उसे आए दिन पीटता रहता है।
बुलंदशहर, जागरण संवाददाता। दंपती के बीच हुई अनबन के बाद ई-रिक्शा चालक ने पत्नी पर पहले लात-घूसों से प्रहार किया और फिर सिर में ईंट दे मारी। इससे भी आरोपित पति का मन नहीं भरा तो चाकू से पत्नी के सिर पर वार कर दिए। आसपास के लोगों ने बामुश्किल महिला की जान बचाई।
यह है मामला
26 वर्षीय मुस्कान ने बताया कि पांच वर्ष पूर्व उसका निकाह अल्लारखा निवासी ततारपुर के साथ हुआ था। अल्लारखा शराब पीने का आदी है और किसी न किसी बात पर उसे आए दिन पीटता है। आरोप है कि रविवार की सुबह जब वह ई-रिक्शा लेकर घर से निकला तो उसकी पिटाई कर दी और जान से मारने की नीयत से चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने लहूलुहान मुस्कान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घायल की तहरीर पर आरोपित पति अल्लारखा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। नगर कोतवाल संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपित के घर पर पुलिस ने दबिश दी लेकिन वह फरार हो चुका है, जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दहेज की खातिर महिला की गला दबाकर हत्या का प्रयास, नौ के खिलाफ मुकदमा
बुलंदशहर, जागरण संवाददाता। ककोड़ थाना क्षेत्र के चामड़ चौक निवासी विवाहिता का दहेज की खातिर उत्पीडऩ किया गया। साथ ही आरोपित ससुराल वालों ने मांगे पूरी न होने पर महिला के साथ मारपीट की और गला दबाकर उसकी हत्या करने का प्रयास किया। पीडि़ता की तहरीर पर नगर कोतवाली पुलिस ने नौ नामजद ससुरालवालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नगर कोतवाली के देवीपुरा द्वितीय निवासी भूमिका गुप्ता ने नगर कोतवाली में तहरीर दी। बताया कि उसका विवाह गत वर्ष ककोड़ के चामड़ चौक निवासी तनुज सिंघल के साथ हुई थी। शादी में मायके पक्ष ने हैसियत से अधिक दान दहेज भी दिया था। लेकिन ससुराल वाले उससे संतुष्ट नहीं थे। वह दहेज में कार व नकदी आदि की मांग कर रहे थे। वहीं, मांग पूरी न होने पर उसका उत्पीडऩ किया जा रहा था। कई बार मायके वालों ने भी उसके ससुराल वालों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह फिर भी अपनी मांगों पर डटे रहे। वहीं, अब पीडि़ता का आरोप है कि गत 10 अक्तूबर को आरोपित पति व अन्य ससुराल वालों ने उसके साथ जमकर मारपीट की और चुन्नी से गला दबाकर हत्या की कोशिश की। साथ ही आरोपितों ने उसे घर से भी निकाल दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपित पति तनुज, ससुर अशोक, सास आदि के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। सीओ सिटी शशांक सिंह ने बताया कि जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।