Weather Update: मानसूनी बौछारों के साथ सुबह की शुरुआत, पूरे दिन मौसम के सुहाना बने रहने की संभावना Meerut News
शनिवार तड़के से शुरू हुई मानसून सीजन की पहली मूसलाधार बारिश के बाद रविवार की सुबह से ही पुन बौछारों की आमद हो गई। हालांकि इसके पूर्व आसमान पर बादल गश्त करते नजर आए।
मेरठ, जेएनएन। शनिवार तड़के से शुरू हुई मानसून सीजन की पहली मूसलाधार बारिश के बाद रविवार की सुबह से ही पुन: बौछारों की आमद हो गई। हालांकि इसके पूर्व आसमान पर बादल गश्त करते नजर आए। मेरठ और आसमान के जिलों में आसमान पर घटाएं घिरीं नजर आई। आसपास के भी कई जिलों में भी सुबह से बूंदाबांदी का दौर जारी है। आज शिवरात्रि भी है। गौरतलब है कि शनिवार को तड़के से ही बारिश का जो दौर शुरू हुआ था, वह कई घंटे थमा ही नहीं। शनिवार को 87 मिलीमीटर बारिश होने से शहर जलमग्न हो गया। मौसम विशेषज्ञों ने आगामी दिनों में भी बारिश की संभावना जताई है।
ठंडी हवाएं चलने लगी
शनिवार को सुबह अचानक ठंडी हवाएं चलने लगी और काली घटाएं घिर आई और जमकर बारिश हुई। इसके बाद भी रिमझिम फुहारें गिरती रही। दिन में बादल छाए रहे लेकिन बारिश नहीं हुई। पर सुबह की जोरदार बारिश के प्रभाव के चलते तापमान नियंत्रित रहा। शुक्रवार की सुबह साढे आठ बजे से शनिवार को सुबह साढे आठ बजे तक 97 मिलमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। कृषि प्रणाली संस्थान के प्रधान मौसम वैज्ञानिक डा एन सुभाष ने बताया कि 20, 21 और 22 को भी अच्छी बारिश होने का अनुमान है
20 से 22 तक भारी बारिश का अनुमान
जनपदवासियों को शुक्रवार को तेज बारिश के बाद तेज धूप का सामना करना पड़ा था। पांच जुलाई को मूसलधार बारिश के बाद ठीक-ठाक बारिश देखने को मिली। मौसम विभाग ने 11.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। जबकि ग्रामीण इलाकों में बारिश कहीं ज्यादा अच्छी देखने को मिली। बारिश के बाद तेज धूप निकलने से एक बार फिर गर्मी बढ़ गई। कृषि प्रणाली संस्थान के प्रधान मौसम वैज्ञानिक डा. एन सुभाष ने बताया कि 20 से 22 जुलाई के बीच भारी बारिश का अनुमान है। शनिवार को भी अच्छी बारिश होने का अनुमान है।
मुजफ्फरनगर में झूम-झूम कर बरसे बदरा
मुजफ्फरनगर में भी मानसून सक्रिय हो चला है। शनिवार तड़के तेज हवा के साथ जमकर बारिश हुई।
बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई साथ ही अनेक जगहों पर जलभराव हो गया। घुमड़-घुमड़ कर बरसे बदरा ने शहर को तर दिया। बारिश के कारण तापमान की भी कमर टूट गई। बारिश के कारण न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। शनिवार तड़के तेज हवा के साथ आसमान में काले बादल छा गए देखते ही देखते बारिश शुरू हो गई। जमकर कर बरसे बदरा से शहर टापू बन गया। रुड़की रोड, जनकपुरी, रैदासपुरी, रामपुरी, इंदिरा कालोनी, लद्दावाला में जलभराव हो गया। नेशनल हाईवे भी जलभराव से अछूता नहीं रहा। मंसूरपुर और घासीपुरा में हाइवे किनारे जलभराव हो गया। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को पूरे दिन वर्षा ऋतु का मौसम रहेगा। रविवार को भी बूंदाबांदी होने के आसार बने रहेंगे। बारिश से धान की फसल को लाभ मिलेगा इससे किसानों के चेहरे खिले हुए हैं। वही लौकी, तौरई, बैंगन, हरी मिर्च आदि सब्जियों को खेतों में पानी भरने से नुकसान हुआ है।