Weather Update News: पश्चिमी यूपी में तीन दिन का अलर्ट, मेरठ बागपत बुलंदशहर समेत इन जिलों में हुई झमाझम बारिश
सुबह अचानक मौसम बदलने से बागपत व बुलंदशहर में मुसलाधार बारिश शुरू हो गई। आधे घंटे तक भारी बारिश होने से जगह- जगह पर जलभराव की समस्या आ गई। कई जगहों पर राहगीरों को आने जाने में मुश्किल भी हुई। वहीं मेरठ में दोपहर बाद बारिश ने दस्तक दी।
मेरठ, जेएनएन। सुबह अचानक मौसम बदलने से बागपत व बुलंदशहर में मुसलाधार बारिश शुरू हो गई। आधे घंटे तक भारी बारिश होने से जगह- जगह पर जलभराव की समस्या आ गई। कई जगहों पर राहगीरों को आने जाने में मुश्किल भी हुई। वहीं मेरठ में दोपहर बाद बारिश ने दस्तक दी। हालाकि सुबह से ही यहां घनघोर बादलों का डेरा रहा। यह सिलसिला अन्य जिलों में भी जारी रहा और बारिश रूकरुकर होती रही। वहीं मौसम विभाग ने तीन दिनों तक बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। जिसमे दिल्ली एनसीआर के साथ पूरे वेस्ट यूपी में बारिश होगी।
बारिश से गिरा तापमान, जगह जगह जलभराव
सुबह से लेकर दोपहर तक बारिश से मौसम में अचानक बदलाव आ गया। सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, बुलंदशहर और बागपत समेत मेरठ में तापमान में भारी गिरावट आई। यहां तापमान समान्य से भी नीचे जा पहुंचा। बारिश होने से लोगों को उमस से बड़ी राहत मिली है। इधर, बारिश तेज होने से कई जगहों पर जलभराव की समस्या पैदा हो गई। बुलंदशहर के कचहरी, बागपत में मुख्य मार्गों व शामली में भी कई जगहों पर पानी भर गया।
बागपत में बारिश से किसानों को नुकसान की संभावना: 10 बजे के बाद अचानक मौसम ने यूटर्न लिया। आसमान में छाए काले बादल कुछ देर बाद बरसने लगे। बागपत में करीब आधा घंटा मूसलाधार बारिश हुई। इससे नगर पालिका के मुख्यमार्ग पर जलभराव होने से राहगीरों को परेशानी हुई। रेलवे रोड व पाठशाला मार्ग पर एक फीट से अधिक पानी हो गया। रेलवे रोड पर ट्रक निकाले पर बने बहाव के कारण दो बह गई। वहीं बारिश से किसानों के चेहरे खिले। किसान प्रमोद, दीपक, मनोज, संजय की मानें तो बारिश का पानी गन्ना व ज्वार की फसल के लिए बेहद फायदेमंद है। बारिश के कारण किसानों को पहले ही काफी नुकसान हो चुका है। अगर और बारिश हुई तो नुकसान बढ़ जाएगा। संबंध में कृषि वैज्ञानिक डा. संदीप चौधरी का कहना है कि सुबह के मौसम के अनुसार तीन दिन तक ऐसा ही मौसम रहेगा। कभी बारिश तो कभी धूप। बारिश कई दिन तक होने से कुछ फसलों को फायदा होगा।
बुलंदशहर में बारिश से नालियों की समस्या: झमाझम बरसात ने शहर को पानी-पानी कर दिया। नगर पालिका की लापरवाही की वजह से चोक नाले और नालियां बजबजाने लगी। जगह-जगह सड़कों पर जलभराव की समस्या से लोगों को जूझना पड़ा। सड़कें भी कीचड़ से सन गई। लोगों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए पानी उतरने का इंतजार करना पड़ा। शहर के चांदपुर रोड, ईंटा रोडी, साठा, देवीपुरा, बीसा कालोनी, धमेड़ा अड्डा, डीएम रोड, कालाआम चौराहा आदि इलाकों में जलभराव की वजह से परेशानी हुई।