फिटनेस मंत्र: आधे घंटे रोज टहलने से कई बीमारियों से बच सकते हैं आप
सुबह-शाम टहलने भर से हम अपने शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी बढ़ा सकते हैं। सर्वोदय कालोनी निवासी सिम्मी सिंह कहती हैं कि इससे हम अपने को कई तरह की बीमारियों से भी बचा सकते हैं। वह ध्यान प्राणायाम अनुलोम विलोम और भ्रामरी आदि का अभ्यास करती हैं।
मेरठ, जेएनएन। आजकल भागदौड़ की जिंदगी में बहुत से लोगों के पास इतना भी वक्त नहीं है कि वह सुबह उठने के बाद एक से दो घंटे अभ्यास कर सकें। ऐसे में अगर हम अपनी व्यस्त दिनचर्या में से केवल आधे घंटे टहलने में लगा लें तो अपनी सेहत को पूरी तरह से फिट रख सकते हैं। सुबह शाम टहलने भर से हम अपने शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी बढ़ा सकते हैं। कई तरह की बीमारियों से भी खुद को बचा सकते हैं। केंद्रीय विद्यालय सिख लाइंस में सामाजिक अध्ययन विषय की वरिष्ठ शिक्षिका सिम्मी सिंह नियमित भ्रमण करती हैं और योग करती हैं। उन्होंने अपनी दिनचर्या को साझा भी किया है।
हरे भरे पार्क में भ्रमण
सिम्मी सिंह सर्वोदय कालोनी में रहती हैं। उनके घर के ठीक सामने एक खूबसूरत हरा भरा पार्क है। कालोनी के सभी लोगों के साथ वह पार्क में ही भ्रमण करती हैं, सुबह और शाम वह पार्क में कई चक्कर लगाती हैं। कोविड के दौरान जब लाकडाउन हुआ तो वह पार्क में जाना छोड़कर अपने घर की छत पर ही थोड़ा बहुत योग का अभ्यास भी करती रहीं। ओपन हार्ट सर्जरी होने की वजह से वह बहुत कठिन व्यायाम नहीं करती हैं, हल्का व्यायाम के साथ ध्यान और प्राणायाम करती हैं। जिसमें अनुलोम विलोम और भ्रामरी आदि का अभ्यास करती हैं। वह कहती हैं कि योग अभ्यास से वह खुद को स्वस्थ रखना चाहती हैं।
छोटे कदम चलने से मिलते हैं बड़े फायदे
पैदल चलने के कई फायदे हैं। नियमित रूप से अगर हम पैदल चलते हैं तो कैंसर, हार्ट अटैक, शुगर, बीपी, गठिया जैसी बीमारियों से भी बच सकते हैं। कई लोग सुबह भ्रमण कर खुद को मधुमेह से भी बचाव कर लेते हैं। पैदल चलने से कोलेस्ट्राल का स्तर भी कम रहता है। जो लोग सुबह शाम टहलते हैं, उनका पाचन भी ठीक रहता है। तनाव भी कम होता है। पैदल चलने से हड्डी का घनत्व भी बढ़ता है। इससे गठिया जैसी बीमारी से भी बच सकते हैं। विशेषज्ञों की माने तो जो लोग नियमित भ्रमण करते हैं, उनकी याददाश्त भी अच्छी रहती है।