मेरठ: राम जन्मभूमि मंदिर निधि समर्पण अभियान में विहिप समाज के प्रभावी लोगों का भी लेगा सहयोग
मंगलवार को विहिप द्वारा मेरठ प्रांत में आने वाले जिलों को अभियान से जुड़ी प्रचार सामग्री उपलब्ध कराई गई। जिसमें श्रीराममंदिर निर्माण से जुड़े संघर्ष का पोस्टर फोल्डर व अन्य साहित्य कूपन व रसीद बुक आदि शामिल हैं।
मेरठ, जेएनएन। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) द्वारा 15 जनवरी से शुरू किए वाले श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निधि समर्पण अभियान व संपर्क अभियान को लेकर हर मोर्चे पर अधिक से अधिक लोगों व समाज मे प्रभाव रखने वाले लोगों को जोड़ा जा रहा है। जिसमें समाज के रह वर्ग के लोगों को सूचीबद्ध करके उनके सहयोग से अभियान लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
मंगलवार को संघ की दृष्टि से मेरठ प्रांत में आने वाले जिलों को अभियान से जुड़ी प्रचार सामग्री उपलब्ध कराई गई। जिसमें श्रीराममंदिर निर्माण से जुड़े संघर्ष का पोस्टर, फोल्डर व अन्य साहित्य, कूपन व रसीद बुक आदि शामिल हैं। प्रान्त के अभियान प्रमुख राजकुमार डूंगर ने बताया यह सामग्री संबंधित नगर व उससे बस्तियों तक के कार्यकर्ता तक पहुंचेगी। अभियान में जन-जन की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रभावशाली लोगों की सूची बनाकर उनके सहयोग से अभियान को गति दी जा रही है। जिससे ज्यादा से रामभक्तों तक अभियान पहुंचे और उनकी धार्मिक भावना को सहेजा जा सके। उन्होंने बताया क्षेत्र के कार्यकर्ता व अनुषांगिक संगठन इस कार्य में अपना-अपना दायित्व निभा रहे हैं।