दिन निकलते ही जाम ने निकाला दम, शहर के कई रोड पर फंसे वाहन Bulandshahar News
बुलंदशहर में शुक्रवार की सुबह सबसे पहले स्याना रोड पर काफी लंबा जाम लग गया। जाम में जब काफी देर तक वाहन फंसे रहे तो लोगों ने पुलिस को फोन करके जानकारी दी। जिसके बाद काला चौराहे से ट्रैफिक इंस्पेक्टर शौर्य कुमार ने अपनी टीम के साथ जाम खुलवाया।
बुलंदशहर, जेएनएन। वैसे तो शहर में जाम की समस्या आम है, लेकिन शुक्रवार, शनिवार और रविवार को शहर में जाम कम ही लगता है। इस बार तो शुक्रवार की सुबह ही शहर के कई स्थानों पर जाम लग गया। जाम नहीं खुला तो लोगों ने पुलिस को फोन करके सूचना दी। जिसके बाद पुलिस पहुंची और जाम खुलवाया। यह परेशानी आगामी त्योहारों को लेकर और बढ़ने वाली है। इसलिए पुलिस अफसरों को जाम से निजात पाने के लिए ठोस रणनीति बनानी होगी। ताकि शहर में लोग जाम में न फंसे।
जाम से परेशान हुए लोग
शुक्रवार की सुबह सबसे पहले स्याना रोड पर काफी लंबा जाम लग गया। जाम में जब काफी देर तक वाहन फंसे रहे तो लोगों ने पुलिस को फोन करके जानकारी दी। जिसके बाद काला चौराहे से ट्रैफिक इंस्पेक्टर शौर्य कुमार अपनी टीम के साथ स्याना रोड पर पहुंचे और इसके बाद जाम खुलवाया। इसी तरह से शिकारपुर रोड पर भी करीब आधे घंटे तक वाहन जाम में फंसे रहे। यहां भी पुलिस ने ही जाम खुलवाया। वहीं, चांदपुर रोड पर तो पूरे दिन वाहन रेंगते हुए नजर आए। इस रोड पर कई सरकारी कार्यालय होने के कारण वाहनों की काफी भीड़ रहती है। वहीं, शहर के बूरा बाजार, अंसारी रोड, स्याना रोड बाजार में भी जाम लगा रहा। यहां भी पुलिस को कड़ी मशक्कत करने के बाद वाहनों को इधर-उधर से निकालकर जाम खुलवाना पड़ा।
इस कारण लगता है जाम
शहर के स्याना रोड पर जाम लगने का मुख्य कारण ई-रिक्शा और रांग साइड वाहनों का चलना है। यहां पर बड़े वाहन वाले भी रांग साइड वाहन को लेकर निकल पड़ते हैं। सामने से कोई दूसरा वाहन आ जाता है तो जाम लगता है। इसी तरह से ई-रिक्शा चालक भी बराबर बराबर ई-रिक्शा को चलाते हैं तो जाम लगता है। वहीं, सड़कों का चौड़ीकरण न होना भी जाम का कारण है। इसके अलावा शहर के कई स्थानों पर चल रही सीवर लाइन की खुदाई भी जाम का मुख्य कारण है।
इन्होंने बताया...
त्योहारों को लेकर शहर के में जाम न लगे। इसके लिए ठोस रणनीति बनाई जा रही है। कुछ चौराहों पर बेरिकेडिंग की व्यवस्था की जाएगी। ताकि भारी व बड़े वाहनों के बाहर से निकाला जा सके।
- अतुल कुमार श्रीवास्तव, एसपी सिटी एवं ट्रैफिक प्रभारी