हाईवे पर रेंगेते रहे वाहन, शहर के अंदर लगा जाम
किसान आंदोलन के चलते किसानों को दिल्ली जाने का ऐलान करने के बाद भी पुलिस जाम से निपटने की व्यवस्था नहीं बना पाई।
मेरठ, जेएनएन। किसान आंदोलन के चलते किसानों को दिल्ली जाने का ऐलान करने के बाद भी पुलिस जाम से निपटने की व्यवस्था नहीं बना पाई। दिल्ली-देहरादून हाईवे पर दिनभर वाहन रेंगते रहे। काफी वाहन चालकों ने शहर के अंदर से निकलने की कोशिश की, जिसके चलते शहर के अंदर भी जाम लग गया था। पुलिस की सही प्लानिग नहीं होने की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
किसानों ने पहले से प्रशासन को बता दिया था कि शनिवार को मेरठ से दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। उसके बाद पुलिस यातायात को संभालने की कोई प्लानिग नहीं कर पाई। पुलिस ने मुजफ्फरनगर से दिल्ली जाने वाले ज्यादा वाहनों को खतौली से गंग नगर की पटरी से मुरादनगर निकाल दिया था, जिसके कारण नहर की पटरी पर भी कई बार जाम लगा। उसके अलावा किसानों के काफिले के पीछे यातायात रेंगता हुआ चल रहा था। टोल प्लाजा से लेकर परतापुर तक वाहनों की लंबी लाइन लग गई थी। मेरठ पुलिस ने काफिले को मोहिद्दीनपुर पार करा दिया था। उसके बाद गाजियाबाद पुलिस ने यातायात व्यवस्था की कमान संभाली। उसके बाद भी कई घंटों तक हाईवे पर वाहन रेंगते रहे। कुछ वाहन चालकों ने शहर के अंदर से वाहनों को निकालने का प्रयास किया, जिसकी वजह से शहर के अंदर दिल्ली रोड और गढ़ रोड पर भी जाम लग गया। अतिरिक्त पुलिस बल लगाकर वाहनों को निकाला गया। उधर मेट्रो प्लाजा से भूमिया पुल जाने वाले रास्ते पर पुलिया निर्माण होने से रोड बंद कर दिया है। ऐसे में भूमिया पुल पर बेरियर लगा दिए, जिसकी वजह से दिनभर हापुड अड्डा से लेकर भूमिया पुल तक जाम रहा। लोगों को खत्ता रोड से निकलकर दिल्ली रोड तक पहुंचना पड़ा।
वाहनों की संख्या बढ़ने की वजह से शहर में यातायात ज्यादा हो गया था। हाईवे पर जाम नहीं लगा है। कुछ समय के लिए ट्रैफिक की गति जरूर धीमी हो गई थी। किसानों की वजह से कुछ लोगों को परेशानी का सामना जरूर करना पड़ा है।
राजीव सभरवाल, एडीजी