वन महोत्सव : जगह-जगह रोपे गए पौधे..संरक्षण का लिया संकल्प
जागरूक नागरिक एसोसिएशन की ओर से शुक्रवार को वन महोत्सव के तहत हावर्ड प्लेस्टेड कालेज के पास स्थित इंग्राहम स्कूल के परिसर में पौधरोपण किया गया। मुख्य अतिथि डीएफओ राजेश कुमार व स्कूल के प्रबंधक डी पाल के साथ संस्था के पदाधिकारियों ने पौधे रोपे।
मेरठ, जेएनएन। जागरूक नागरिक एसोसिएशन की ओर से शुक्रवार को वन महोत्सव के तहत हावर्ड प्लेस्टेड कालेज के पास स्थित इंग्राहम स्कूल के परिसर में पौधरोपण किया गया। मुख्य अतिथि डीएफओ राजेश कुमार व स्कूल के प्रबंधक डी पाल के साथ संस्था के पदाधिकारियों ने पौधे रोपे। इस दौरान डीएफओ राजेश कुमार ने कहा कि पृथ्वी पर जीवन को बचाना है तो पृथ्वी पर हो वाले दिन-प्रतिदिन प्रदूषण को रोकना होगा। कृषि योग्य उपजाऊ भूमि पर मानव में विकास की बंजर चादर फैला दी है। प्राकृतिक स्त्रोतों पर संकट बढ़ता जा रहा है। इस दौरान संस्था के पदाधिकारियों ने पौधे रोपने के वैदिक महत्व व दायित्व के बारे में बताया। कार्यक्रम में संस्था के केएल बत्रा, महासचिव गिरीश शुक्ला, पीएन पालीवाल, स्कूल से पारस जार्ज, उज्जवल लाल आदि मौजूद रहे। -जासं
स्थापना दिवस पर किया पौधारोपण : भारत विकास परिषद शास्त्रीनगर और हस्तिनापुर प्रांत की ओर से स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को नई सड़क स्थित संस्कार पार्क में पौधारोपण किया गया। प्रांतीय अध्यक्ष शरतचंद्र की अगुवाई में आंवला, अमरूद, नीम और अनार के पौधे लगाए गए। इस दौरान सतीश चंद्र, नरेश गोयल, एसपी गौड़ और अशोक गुप्ता भी उपस्थित रहे।
पार्क में लगाए जामुन और तुलसी के पौधे : आवाज फाउंडेशन के सदस्यों ने शुक्रवार को शास्त्रीनगर स्थित पार्क में पौधारोपण किया। अध्यक्ष लक्ष्मी सिंह ने बताया कि सदस्यों ने मिलकर आम, अमरूद, जामुन, पीपल, हार सिंगार और तुलसी के पौधे लगाए। पूनम शर्मा और राज शर्मा का भी सहयोग रहा।
बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए जरूरी है पौधारोपण : पर्यावरण एवं स्वच्छता क्लब की ओर से शुक्रवार को काली नदी पर पौधारोपण किया गया। क्लब निदेशक आयुष और पीयूष गोयल ने बताया की पौधारोपण का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा लोगों को पौधे लगाने के लिए प्रेरित करना है। जिससे वातावरण में बढ़ते प्रदूषण को रोका जा सके। मुख्य अतिथि विधायक सोमेंद्र तोमर ने भी पौधरोपण किया। इस दौरान आम, जामुन, नीम, पीपल, बरगद और नींबू के पौधे लगाए गए। लक्ष्मी शर्मा, गौरव गर्ग, प्रिंस अग्रवाल, वीरेंद्र सिंह और आरके गोयल भी उपस्थित रहे।
शिक्षिकाओं ने लिया पौधे बचाने का संकल्प : वन महोत्सव के अंतर्गत शुक्रवार को ग्लोबल सोशल कनेक्ट और मेरा शहर मेरी पहल की ओर से सेंट जोंस सीनियर सेकेंडरी स्कूल फार गर्ल्स स्कूल में पौधारोपण किया गया। मुख्य अतिथि अर्जुन अवार्डी अलका तोमर ने कहा कि विद्यालय और घर के आसपास पौधे लगाए। पर्यावरण संरक्षण और वातावरण में आक्सीजन की मात्रा बनी रहे, इसके लिए पौधारोपण आवश्यक है। शिक्षिकाओं ने पौधे लगाकर उनकी देखभाल का संकल्प भी लिया। ऋचा सिंह, संगीता चौधरी, रतीश गुप्ता, शिवकुमार, रविंद्र प्रधान, अंकुश चौधरी, एसके शर्मा, विपुल सिंघल और प्रधानाचार्य ए. विलफ्रेड भी उपस्थित रहीं।