बागपत में कुर्बानी के बाद मकान के पास पशु के अवशेष डालने पर हंगामा, तनाव
ईद-उल-अजहा के पर्व पर कुर्बानी के बाद बागपत में एक मकान के पास पशु के अवशेष डाल दिए गए। इसके विरोध में हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। इससे तनाव की स्थिति बनी। वहीं पुलिस ने पशु के अवशेषों को गड्ढे में दबवा दिया।
बागपत, जागरण संवाददाता। बागपत में ईद-उल-अजहा के पर्व पर कुर्बानी के बाद एक मकान के पास पशु के अवशेष डाल दिए गए। इसके विरोध में हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। इससे तनाव की स्थिति बनी। वहीं पुलिस ने पशु के अवशेषों को गड्ढे में दबवा दिया।
कुत्ते ने अवशेषों को नोंचा
पुलिस-प्रशासन द्वारा लगातार अपील की जा रही थी कि ईद-उल-अजहा के पर्व पर कुर्बानी खुले में न करें और पशुओं के अवशेष भी खुले में न डाले। त्योहार पर बुधवार सुबह ही बागपत के नौरोजपुर रोड पर आयशा कालोनी में मस्जिद के निकट कुर्बानी कर पशु के अवशेष को मोहल्ले के जयप्रकाश उपाध्याय के मकान के पास डाल दिए गए। आवारा कुत्ते अवशेषों को नोंचने लगे। आपत्ति करने के बाद भी अवशेषों को वहां से नहीं उठाया गया। जानकारी मिलने पर हिंदू संगठन से जुड़े सुधारस चौहान, रजत उपाध्याय, विपिन चौहान, रिंकी चौहान आदि ने वहां पर पहुंचकर हंगामा किया।
माहौल बिगाड़ने की कोशिश
उनका कहना है कि विशेष समुदाय के कुछ लोगों ने माहौल बिगाडऩे के उद्देश्य से पशु के अवशेषों को उक्त स्थान पर डाला है। उन्होंने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं कोतवाली प्रभारी एनएस सिरोही ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी से गड्ढा की खोदाई कराकर पशु के अवशेषों को दबवाया। उधर, इस संबंध में कोतवाली एसएसआइ संजय कुमार का कहना है कि पशु के अवशेषों को गड्ढे में दबवा दिया गया। इसको लेकर कोई तनाव नहीं है।
रोड पर मृत भैंस मिली
ग्राम निवाड़ा के निकट औद्योगिक क्षेत्र में सड़क पर बुधवार सुबह एक मृत भैंस मिली। भैंस किसकी है, इसका अभी पता नहीं चला। आशंका है कि वाहन में भैंस की मौत हुई है। जिसको वहां पर डालकर लोग चले गए। पुलिस ने गड्ढे में मृत भैंस को दबवाया।