50 रुपये के लिए हत्या का मामला, हत्यारोपियों की गिरफ्तारी को महिलाओं का थाने पर हंगामा Meerut News
दो दिन पहले पचास रुपये के विवाद को लेकर हुई हत्या के मामले में सोमवार को महिलाओं ने थाने पर जमकर हंगामा किया। महिलाएं आरोपितों की गिरफ्तारी मांग कर रही थी।
मेरठ, जेएनएन। ब्रहमपुरी थाना क्षेत्र के नूर नगर में पचास को लेकर हुए विवाद में दोस्त के पेट में चाकू घोंप कर मौत के घाट उतार दिया था। आज दो दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने किसी भी आरोपित को गिरफ्तार नहीं किया। आरोपित की गिरफ्तारी को लेकर महिलाओं ने थाने पर हंगामा किया। पुलिस ने गिरफ्तारी का आश्वासन देकर महिलाओं को शांत कराया।
पेट में मारी थी छुरी
नूरनगर निवासी नितिन पर पड़ोस में रहने वाले आरोपित बंटी पुत्र दाताराम के पचास रुपये उधार के थे, रुपयों के विवाद में दोनों में मारपीट हो गई थी। शोर की आवाज सुनकर नितिन का भतीजा प्रवीन चाचा को बचाने के लिए पहुंचा तो आरोपित बंटी ने प्रवीन को पेट में छुरी मारकर मौत के घाट उतार दिया था।
वरिष्ठ अधिकारियों से मिलेंगी महिलाएं
दो दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया। सोमवार की दोपहर काफी संख्या में महिलाएं थाने पहुंच गई। गिरफ्तारी को लेकर थाने पर जमकर हंगामा किया। महिलाओं का कहना था कि पुलिस ने आरोपित की मां को हत्या वाले दिन ही पकड़ लिया था, लेकिन आरोपित दो दिन बीत जाने के बाद भी गिरफ्तार नहीं हुए हैं। महिलाओं का कहना था कि अगर जल्द ही आरोपित गिरफ्तार नहीं हुए तो वह आलाधिकारियों से मिलेंगी।