UP Panchayat Chunav 2021 Result: परिणाम तय करेगा दिग्गजों का राजनीतिक कद, पंचायत चुनाव को माना जा रहा विधानसभा का सेमीफाइनल
UP Panchayat Chunav 2021 Result पंचायत चुनाव मैदान में पहली बार ताल ठोकने वाले राजनीतिक दलों की साख पंचायत चुनाव के परिणाम पर टिकी है। पंचायत चुनाव में प्रत्याशी ही नहीं राजनीतिक दलों की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी हुई है।
बुलंदशहर, जेएनएन। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के परिणाम को लेकर प्रत्याशी ही नहीं बल्कि राजनीतिक दलों की सांस भी अटकी हुई हैं। पंचायत चुनाव मैदान में पहली बार ताल ठोकने वाले राजनीतिक दलों की साख पंचायत चुनाव के परिणाम पर टिकी है। पंचायत चुनाव में प्रत्याशी ही नहीं, राजनीतिक दलों की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी हुई है। इस बार पंचायत चुनाव परिणाम दिग्गजों के साथ राजनीतिक दलों का कद भी तय करेगा। ऐसा केवल बुलंदशहर में ही नहीं बल्कि यूपी के मेरठ, सहारनपुर, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, शामली व बागपत में भी दिग्गजों की प्रतिष्ठा दाव पर लगा हुआ है। इस परिणाम के आने से राजनीति में उठक पटक देखी जा सकती है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में पहली बार राजनीतिक दलों ने ताल ठोंकते हुए समर्थित उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे हैं। राजनीतिक दलों ने अपनी जमीनी हकीकत जानने को पंचायत चुनाव को इसका पैमाना बनाया है। इतना ही नहीं नामांकन होने के बाद भी दलों ने नामांकन करने वाले उम्मीदवारों को अपना समर्थित प्रत्याशी भी घोषित किया था। पंचायत चुनाव को विस चुनाव का सेमीफाइनल मानकर राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। भाजपा जहां जन-जन तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार करने में जुटी रहीं, वहीं सपा, बसपा, रालोद और कांग्रेस के कार्यकर्ता लोगों को सरकार की कमियां बताने में रहे थे।
सभी दलों का दावा है कि विधानसभा चुनाव को लेकर जमीनी स्तर पर उनकी तैयारी काफी अच्छी होने के साथ ही पंचायत चुनाव में उनका परचम लहराएगा। दलों के दावे कितने ठोस हैं यह आज पंचायत चुनाव के परिणाम से तय हो जाएगा।
दलों से समर्थन पाने को हुई थी जोरआजमाइश
जिपं सदस्य पद के दावेदारों ने राजनीतिक दलों का समर्थन पाने को एड़ी चोटी का जोर लगाया था। जिले के 52 वाडरें पर प्रत्याशी बनने को खूब खींचतान रही। पंचायत चुनाव को दलों ने विस चुनाव का सेमीफाइनल मानते हुए दावेदारों में से मजबूत प्रत्याशी ही चुनाव मैदान में उतारे थे।
किस दिग्गज के सिर बंधेगा जीत का सेहरा
सविता सिंह, आशा यादव, हरेन्द्र यादव व चौधरी ओमवीर सिंह, राजकुमारी गिरी व बाला देवी समेत छह पूर्व जिला पंचायत अध्यक्षों ने दोबारा से जिंप सदस्य पद का चुनाव लड़ा है। चुनाव परिणाम से आज इनके भाग्य का फैसला होगा।