यूपी : प्रेमजाल में फंसा दुष्कर्म और रुपये भी हड़पे, नोएडा की युवती ने मेरठ निवासी मैनेजर पर लगाया आरोप
मेरठ में नोएडा निवासी युवती ने बताया कि करीब दो साल पहले शास्त्रीनगर निवासी युवक उनके यहां किराये पर रहने आया था। वह नोएडा में ही एक कंपनी में मैनेजर है। करीब डेढ़ साल पहले उसे प्रेमजाल में फंसाकर दुष्कर्म किया। रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मेरठ, जागरण संवाददाता। नोएडा निवासी युवती ने शास्त्रीनगर निवासी युवक पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। बताया कि अश्लील वीडियो के जरिये उससे तीन लाख रुपये भी हड़प लिए। गुरुवार को वह थाने पहुंची थी। वहीं, थाने के बाहर निकलते ही पीडि़ता को युवक और उसके साथियों ने अंजाम भुगतने की धमकी दी।
प्रेमजाल में फंसाकर दुष्कर्म
नोएडा सेक्टर 12 निवासी युवती ने बताया कि करीब दो साल पहले शास्त्रीनगर निवासी युवक उनके यहां किराये पर रहने आया था। वह नोएडा में ही एक कंपनी में मैनेजर है। करीब डेढ़ साल पहले उसे प्रेमजाल में फंसाकर दुष्कर्म किया। उसकी वीडियो भी बना ली थी। उसने विरोध किया तो वायरल करने की धमकी दी। उससे तीन लाख रुपये भी हड़प लिए। उसने पुलिस से शिकायत की बात की तो शादी करने का वायदा किया था। अब उससे रिश्ता खत्म करने की बात कर रहा है।
आरोपित के खिलाफ तहरीर
गुरुवार को वह अकेली नौचंदी थाने पहुंची और आरोपित के खिलाफ तहरीर दी। इसकी जानकारी पर आरोपित युवक और उसके साथी भी थाने पहुंच गए थे। पुलिस ने मामला नोएडा का बताकर उसे वहीं रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए। युवती ने आरोप लगाया कि थाने से बाहर निकलते ही युवक और उसके साथियों ने धमकी दी है। वह इस संबंध में उच्च अधिकारियों से शिकायत करेगी।