UP Election 2022: जानें कौन हैं अकबरी बेगम, बेटे की मौत के बाद रखा राजनीति में कदम, कांग्रेस ने बिजनौर सदर सीट से बनाया प्रत्याशी
UP Vidhan Sabha Election 2022 कांग्रेस ने बिजनौर सदर विधानसभा सीट पर अकबरी बेगम को प्रत्याशी बनाया है। अकबरी के बेटे सुलेमान की नहटौर में सीएए और एनआरसी के विरोध में गोली लगने से मौत हुई थी। कांग्रेस ने जिले के छह उम्मीदवारों की सूची घोषित कर दी है।
बिजनौर, जागरण संवाददाता। कांग्रेस ने बिजनौर सदर विधानसभा सीट पर अकबरी बेगम को प्रत्याशी बनाया है। अकबरी के बेटे सुलेमान की नहटौर में सीएए और एनआरसी के विरोध में गोली लगने से मौत हुई थी। कांग्रेस ने जिले के छह उम्मीदवारों की सूची घोषित कर दी है।
अकबरी बेगम का 21 वर्षीय पुत्र सुलेमान दिसंबर 2020 में सीएए और एनआरसी के विरोध में नहटौर में हुई हिंसा के दौरान मारा गया था। इस घटना के बाद कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा एवं राहुल गांधी नहटौर पहुंचे थे और सुलेमान के मां अकबरी बेगम समेत स्वजन से मुलाकात कर न्याय दिलाए जाने का भरोसा दिया था।
अब कांग्रेस ने जिले की छह सीटों पर प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की, जिसमें बिजनौर सदर सीट से नहटौर निवासी अकबरी बेगम को चुनाव मैदान में उतारा है। अकबरी बेगम ने गुरुवार को रिटर्निंग अधिकारी/ एसडीएम सदर विक्रमादित्य मलिक के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। वहीं, धामपुर सीट से हुसैन अहमद अंसारी, चांदपुर सीट से उदय त्यागी उर्फ माइकल, नूरपुर सीट से बाला देवी सैनी, बढ़ापुर सीट से हाजी अहसान अली अंसारी को प्रत्याशी घोषित किया है। नहटौर, नगीना और नजीबाबाद सीट से प्रत्याशी पहले ही घोषित किए जा चुके हैं।