UP Elections 2022: भाजपा का आरोप, सपा प्रत्याशी का प्रस्तावक है आइएसआइ एजेंट
UP Assembly Elections 2022 भाजपा के प्रदेश मंत्री ने प्रेसवार्ता कर सपा के शहर सीट पर प्रत्याशी पर आरोप लगाया है कि उनके प्रस्तावक पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आइएसआइ का एजेंट है। सपा प्रत्याशी संजय गर्ग ने सभी आरोपों को बताया बेबुनियाद।
सहारनपुर, जागरण संवाददाता। विधानसभा चुनाव में आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है। अब भाजपा के प्रदेश मंत्री और अन्य पदाधिकारियों ने एक निजी होटल में प्रेसवार्ता कर सपा के शहर सीट पर प्रत्याशी पर आरोप लगाया है कि उनके प्रस्तावक पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आइएसआइ का एजेंट है। वह शामली जिले के कैराना थाने का हिस्ट्रीशीटर है।
भाजपा के प्रदेश मंत्री डा. चंद्रमोहन, शहर सीट से भाजपा प्रत्याशी राजीव गुंबर, महानगर अध्यक्ष राकेश जैन और मीडिया प्रभारी गौरव ने संयुक्त रूप से शुक्रवार की देर शाम रेलवे रोड स्थित एक होटल में प्रेसवार्ता की। भाजपा पदाधिकारियों ने बताया कि समाजवादी पार्टी ने शहर सीट से मौजूदा विधायक संजय गर्ग को टिकट दिया है। संजय गर्ग ने जिस हाजी इदरीश पुत्र हाजी हनीफ उर्फ सांड को प्रस्तावक बनाया है, वह आइएसआइ का एजेंट है। वह मूल रूप से शामली के कैराना का रहने वाला है। कैराना कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर भी है। डा. चंद्रमोहन ने कहा कि सपा चुनाव से पहले ही अपना असली चेहरा दिखाना शुरू कर दिया है। यदि सपा की सरकार बन गई तो प्रदेश में क्या हाल होगा। उन्होंने मीडिया को कुछ कागजात भी दिखाए और बताया कि उनके पास आइएसआइ एजेंट व हिस्ट्रीशीटर होने के सभी दस्तावेज मौजूद हैं। जिसमें मुजफ्फरनगर के एसएसपी की 2002 की एक रिपोर्ट दिखाई गई है। जिसमें बताया गया है कि हाजी इदरीश को जब एक एजेंसी ने पकड़ा था तो उसे राजस्थान की जयपुर अदालत में पेश किया गया था। इसके अलावा दूसरी रिपोर्ट में इदरीश को हिस्ट्रीशीटर बताया गया है और सहारनपुर में रहना बताया गया है।
सभी आरोप बेबुनियाद : संजय गर्ग
सपा के शहर सीट से प्रत्याशी संजय गर्ग का कहना है कि सभी आरोप झूठे हैं। वर्ष 1995 में एक मुकदमा इदरीश पर कैराना में हुआ था। जिसमें वह वर्ष 2002 में अदालत से बरी हो चुका है। भाजपा को अपनी हार साफ दिख रही है। इसलिए ऐसे आरोप लगा रही है। इदरीश अब सहारनपुर में रहकर अपना सादा जीवन काट रहा है।
इनका कहना है...
भाजपा ने जो भी आरोप मुझ पर लगाए हैं वह सही नहीं है। मैं कभी आइएसआइ का एजेंट नहीं रहा और न हूं।
- हाजी इदरीश, सपा प्रत्याशी के प्रस्तावक
हमारे पास प्रस्तावक का कोई रिकार्ड नहीं होता है। इसलिए इस बारे में मुझे कुछ नहीं पता है।
- आकाश तोमर, एसएसपी