UP Election 2022: मुजफ्फरनगर में मुस्लिम नेताओं के घर पहुंचे रालोद मुखिया चौधरी जयंत सिंह
UP Election 2022 मतदाताओं को संदेश देने के उद्देश्य से रालोद के अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह कई मुस्लिम नेताओं के घर पहुंचे। गठबंधन के बाद जिले की पांच विधानसभा सीट रालोद के खाते में आईं। एक सीट पर सपा प्रत्याशी मैदान में है। मुस्लिम मतों का समीकरण साधने की कवायद।
मुजफ्फरनगर, जागरण संवाददाता। मतदाताओं को संदेश देने के उद्देश्य से रालोद के अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह कई मुस्लिम नेताओं के घर पहुंचे।
गठबंधन के बाद जिले की पांच विधानसभा सीट रालोद के खाते में आईं। एक सीट पर सपा प्रत्याशी मैदान में है। चरथावल सीट से सपा के सिंबल पर पूर्व विधायक पंकज मलिक चुनाव लड़ रहे हैं। पुरकाजी से पूर्व विधायक अनिल कुमार, खतौली से पूर्व राज्यसभा सदस्य राजपाल सैनी, मीरापुर से चंदन चौहान, बुढ़ाना से राजपाल बालियान और मुजफ्फरनगर शहर सीट से सौरभ स्वरूप प्रत्याशी हैं।
रालोद को लेकर सियासी गलियारों में जहां अपने सिंबल पर सपा के नेताओं को चुनाव लड़ाने पर सवाल उठते रहे, वहीं जिले के मुस्लिम नेताओं को टिकट देने से परहेज को लेकर भी चर्चाएं रहीं।
गुरुवार को रात्रि प्रवास पर मुजफ्फरनगर पहुंचे चौ. जयंत सिंह ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता से पहले पूर्व राज्यसभा सदस्य अमीर आलम के घर पहुंच उनसे मुलाकात की। इसके बाद पूर्व विधायक राव अब्दुल वारिस के घर पहुंचे। यहां पूर्व सांसद अमीर आलम खां, पूर्व विधायक नूर सलीम राणा, पूर्व विधायक नवाजिश आलम खां आदि समेत कई लोग मौजूद रहे। रालोद मुखिया की इस कवायद को डैमेज कंट्रोल के साथ-साथ जाट- मुस्लिम समीकरण को दोबारा पुख्ता करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।