UP Election 2022: राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल सहित मुजफ्फरनगर में कई उम्मीदवारों ने दाखिल किया नामांकन
UP Vidhan Sabha Election 2022 मुजफ्फरनगर शहर सीट से भाजपा प्रत्याशी कपिल देव अग्रवाल पुरकाजी से भाजपा प्रत्याशी प्रमोद ऊंटवाल चरथावल से भाजपा प्रत्याशी सपना कश्यप बुढाना सीट से भाजपा प्रत्याशी उमेश मलिक मीरापुर से रालोद के चंदन चौहान आदि ने नामांकन किया।
मुजफ्फरनगर, जागरण संवाददाता। जिले की विभिन्न सीटों के लिए बुधवार को उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। इनमें शहर सीट से भाजपा प्रत्याशी व राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल भी शामिल हैं।
शहर सीट से भाजपा प्रत्याशी कपिल देव अग्रवाल कचहरी में नामांकन दाखिल करने पहुंचे, उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, जिला प्रभारी सतेंद्र सिसौदिया, जिला सहकारी बैंक लिमिटेड के चेयरमेन सतपाल पाल आदि मौजूद थे। पुरकाजी विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी प्रमोद ऊंटवाल ने भी आज कचहरी पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किया। उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष विजय शुक्ला, जिला प्रभारी सत्येंद्र सिसोदिया, ब्लाक प्रमुख चरथावल अक्षय पुंडीर और ब्लॉक प्रमुख बघरा गौरव पंवार कचहरी पहुंचे। चरथावल विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी सपना कश्यप ने भी आज कचहरी में नामांकन दाखिल किया। पूर्व राज्यमंत्री स्वर्गीय विजय कश्यप की पत्नी सपना कश्यप ने सादगी से अपना नामांकन दाखिल किया। बुढाना विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी उमेश मलिक ने भी कचहरी में नामांकन किया। बुढ़ाना विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी डॉ देवेंद्र मलिक ने अपने समर्थकों के साथ पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किया।
पूर्व उप मुख्यमंत्री के पौत्र चंदन चौहान ने किया नामांकन
प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री स्व. बाबू नारायण सिंह के पौत्र तथा पूर्व सांसद स्व. संजय सिंह चौहान के पुत्र चंदन चौहान ने भी नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। चंदन चौहान लंबे समय से सपा में सक्रिय रहे हैं। चंदन चौहान ने 2017 विधानसभा चुनाव खतौली से सपा के टिकट पर लड़ा था। सपा-रालोद गठबंधन ने उन्हें मीरापुर से टिकट दिया है। चंदन चौहान रालोद के निशान पर चुनाव लड़ रहे हैं। इस दौरान उनके साथ सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी व रालोद जिलाध्यक्ष प्रभात तोमर भी मौजूद रहे।