UP Election 2022 : JP Nadda ने बिजनौर-मुजफ्फरनगर के प्रत्याशियों को दिया गुरुमंत्र, 'बेटिकट' दावेदारों की ऐसे दूर की नाराजगी
बिजनौर में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि सभी कार्यकर्ता जानते हैं कि टिकट की लाइन लंबी होती है लेकिन मिलता किसी एक को ही है। जिन कार्यकर्ताओं को टिकट नहीं मिले वह निराश न हों। पार्टी के लिए समर्पित होकर कार्य करें।
बिजनौर, जागरण संवाददाता। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बिजनौर और मुजफ्फरनगर की 15 विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों और पार्टी पदाधिकारियों को विधानसभा चुनाव में सफलता के मंत्र दिए। उन्होंने कहा कि बूथ मैनेजमेंट मजबूत होगा तो सफलता निश्चित है। इंटरनेट मीडिया के जरिए अधिक से अधिक लोगों से जुड़ें। उन्होंने प्रदेश में भाजपा की जीत का आंकड़ा 300 सीटों के पार पहुंचाने का संकल्प दिलाया।
'टिकट नहीं मिलने पर निराश न हों कार्यकर्ता'
निर्धारित कार्यक्रम से दो घंटे विलंब से बिजनौर बाईपास स्थित जेवीएस रिसोर्ट पहुंचे भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पदाधिकारियों और प्रत्याशियों को जीत का मंत्र दिया। टिकट वितरण को लेकर नाराजगी पर उन्होंने कहा कि सभी जानते हैं कि टिकट की लाइन लंबी होती है, लेकिन मिलता किसी एक को ही है। जिन कार्यकर्ताओं को टिकट नहीं मिले, वह निराश न हों। पार्टी के लिए समर्पित होकर कार्य करें। विधानसभा प्रभारियों को टिकट वितरण को लेकर उपजी नाराजगी दूर करने का जिम्मा भी सौंपा।
'डोर-टू-डोर करें संपर्क'
जेपी नड्डा ने यह भी कहा कि चुनाव आचार संहिता और कोरोना महामारी के चलते बड़ी सभाएं नहीं हो पाएंगी, लिहाजा कार्यकर्ता आमजन तक पहुंचने के लिए टोलियों में डोर-टू-डोर संपर्क करें। भीड़ एकत्र न करें। समाज के हर वर्ग तक जाएं और अपनी बात रखें। जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों को जरुर याद दिलाएं। युवा मोर्चा के पदाधिकारी युवाओं के बीच जाएं। महिला मोर्चा की पदाधिकारी भी महिलाओं के बीच जाकर भाजपा सरकार के कार्यों को गिनाएं। करीब एक घंटे के संबोधन के बाद उनका हेलीकॉप्टर अमरोहा के लिए उड़ गया। कार्यक्रम में परिवहन मंत्री अशोक कटारिया, चुनाव प्रभारी संजय भाटिया, आलोक अवस्थी, श्रीमोहन तायल आदि मौजूद रहे।