बागपत में बोले सीएम योगी-सपा राज में व्यापारी और नौजवानों का हुआ पलायन
UP Vidhan Sabha Election 2022 बागपत में शनिवार को प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के राज में एक भी दंगा नहीं हुआ। माफिया की संपत्ति पर हमने बुल्डोजन चलवाया। उन्होंने सपा की जमकर घेराबंदी की।
बागपत, जागरण संवाददाता। भाजपा के प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा सरकार पर तंज कसा। कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने सड़क, मेडिकल, एयरपोर्ट, स्कूल व कालेज आदि विकास कराकर उत्तम प्रदेश बनाया गया है। वहीं सपा सरकार में बस कब्रिस्तान का विकास हुआ। सपा राज में व्यापारी व नौजवान पलायन करता था। व्यापारियों को अपहरण होता था। बेटियां सुरक्षित नहीं थी। मुजफ्फरनगर में सचिन व गौरव को बलिदान देना पड़ा था। सपा राज में प्रदेश में दंगे होते थे। दंगाईयों को मुख्यमंत्री के आवास पर गले लगाया जाता था।
14 दिनों में किया किसानों का भुगतान
भाजपा राज में एक भी दंगा नहीं हुआ। माफिया की संपत्ति पर बुलडोजर चलाया गया। दंगा करने वाले की संपत्तियों से नुकसान की भरपाई की गई। पहले किसान को उपज का दाम नहीं मिलता था, शुगर मिलें बंद हो जाती थी। भाजपा सरकार ने किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य दिलाने का काम किया है। जब तक गन्ना किसान के खेतों में खड़ा है, तब तक शुगर मिलें चलती है। 14 दिन में किसानों को भुगतान दिया गया। अब परिवर्तन आया है। अब अयोध्या में दीपोत्सव व ब्रज में रंगोत्सव होता है। पहले सैफई में महोत्सव होता था।
सबको सुरक्षा सबको दिया सम्मान
2012 में सरकार बनने पर सपा सरकार ने अयोध्या में हमला करने वाले आतंकियों के मुकदमा समाप्त किए थे, इनकी आतंकियों के प्रति संवदेना है। भाजपा सरकार बनने पर पहले अन्नदाता की कर्जमाफी की गई। बेटियों की सुरक्षा का प्रबंध किया गया, बूचड़खाने सदा के लिए बंद कर दिए गए। पांच सालों में सबको सुरक्षा सबको सम्मान दिया गया। कावड़ यात्रा में पुष्पवर्षा की गई। सपा ने प्रदेश को लूटा और गरीबों और विकास का पैसा लूटकर शर्गिदों व माफिया को दिया। इत्र के व्यापारी के घर पर बुलडोजर चला, तो नोटों की गड्डियां दीवारों में से निकली। अब भाजपा की डबल इंजन की सरकार है। समाजवादी पेंशन बंद करके प्रदेश के वृद्धों व दिव्यांगों को पेंशन दी। बांग्लादेश को होने वाली राशन की तस्करी को रोका। उन्होंने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को मतदाताओं को भाजपा सरकार की उपलब्धियों को गिनाने की नसीहत दी।