UP Election 2022: मेरठ में केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान का बड़ा बयान, बोले- गुंडों का गिरोह है सपा
UP Vidhan Sabha Election 2022 डा. संजीव बालियान ने मेरठ में प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि 2017 से पहले पश्चिमी उप्र अपराधियों का गढ़ था। मुजफ्फरनगर में लोग रुकने और घूमने से कतराते थे। सपा गुंडों और बदमाशों को खुलेआम संरक्षण देती थी।
मेरठ, जागरण संवाददाता। केंद्रीय पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सपा को गुंडों का गिरोह बताते हुए कहा कि अखिलेश यादव ने ऐसे चेहरों को टिकट दिया है, जिनमें आधे जेल में और आधे बेल पर हैं। हर जिले में सपा के अपराधियों का गिरोह है। अखिलेश राज में हत्या, डकैती, उगाही और छेड़छाड़ की घटनाएं आम थीं, लेकिन योगी सरकार ने अपराध को कुचलकर पश्चिमी उप्र को निवेश लायक क्षेत्र बना दिया। उधर, केंद्रीय मंत्री ने भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत को परिवार का सदस्य बताते हुए कहा कि आगे भी उनसे मिलते रहेंगे।
'तत्कालीन सीएम करते रहे तुष्टीकरण'
डा. संजीव बालियान ने मेरठ स्थित भाजपा मीडिया सेंटर में प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि 2017 से पहले पश्चिमी उप्र अपराधियों का गढ़ था। मुजफ्फरनगर में लोग रुकने और घूमने से कतराते थे। सपा गुंडों और बदमाशों को खुलेआम संरक्षण देती थी। 2013 में दो बालकों की हत्या करने वालों को आजम खान ने जबरन छुड़वाया। उनके फोन पर डीएम और एसपी का ट्रांसफर न होता तो दंगों से बचा जा सकता था। कांठ से लेकर कई स्थानों पर दंगे हुए, और तत्कालीन सीएम अखिलेश तुष्टीकरण करते रहे। निर्दोष युवकों को जेल भेजा गया। सपा सरकार में समाज के बड़े वर्ग को भारी उत्पीडऩ से गुजरना पड़ा। कैराना पलायन का दर्द आज भी लोगों की आंखों में देखा जा सकता है लेकिन 2017 से प्रदेश में योगी सरकार बनने के बाद अपराधी या तो जेल भेजे गए या ऊपर। यहां सभी वर्ग के लोग अब भाईचारे के साथ रहते हैं।
'रोजगार के नाम होंगे अगले पांच साल'
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि योगी सरकार में इतनी बिजली मिल रही कि इंवर्टर बंद करना पड़ा। एक्सप्रेस-वे का जाल बिछा। रैपिड रेल मुजफ्फरनगर तक जा रही है। विकास की गंगा बही। अगले पांच साल रोजगार के नाम होंगे। ढाई करोड़ किसानों को सम्मान निधि मिली। ट्यूबवेल के लिए बिजली का रेट आधा किया गया। कानून व्यवस्था और इंफ्रा बना। कोरोनकाल में 10 किलो राशन हर गरीब तक पहुंचा। 15 लाख आवास बनाये गए। तीन करोड़ शौचालय बनेंगे। अब दोनों सरकारों की तुलना करिए। ये सपा और रालोद के हेलीकाप्टर वाले नेता जनता को लूटेंगे।
'मेरे पर लगा आरोप निराधार'
बीते दिनों डा. संजीव बालियान का एक वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में भाजपा के ही एक कार्यक्रम के दौरान उन पर ब्राह्मण विरोधी नारेबाजी करने का आरोप लगा था। इस बारे में डा. संजीव बालियान ने कहा कि 'मैं तो समाज में सभी वर्ग का सम्मान करने वाला व्यक्ति हूं। मेरे ऊपर लगाया जा रहा यह आरोप पूरी तरह निराधार है व राजनीति से प्रेरित है।'