बुलंदशहर: गली में आए योगी आदित्यनाथ तो मिलने की इच्छा हुई पूरी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का शनिवार को बुलंदशहर में कार्यक्रम था। लोग उनके आने का इंतजार रहे थे। इस दौरान उन्होंने गिरधारी नगर में लोगों से जनसंपर्क किया। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए सुबह से ही तैयारियां की। उनसे मिलकर लोग बहुत खुश हुए।
बुलंदशहर, जागरण संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनसंपर्क कार्यक्रम को लेकर गिरधारी नगर के लोग सुबह से उत्साहित थे। लोग बेसब्री से उनके आने का इंतजार रहे थे। जब योगी कालोनी पहुंचे, तो उनकी झलक पाने को लेकर हर कोई बेताब दिखाई दिया। मुख्यमंत्री के साथ बातचीत कर लोगों ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनकी योगी से मिलने की इच्छा पूरी होगी।
बोले-गिरधारी नगरवासी
जैसे ही मुख्यमंत्री के आने की जानकारी मिली तो उनसे मुलाकात की आस जाग गई। सोचा नहीं था कि कालोनी में आने के बाद मुख्यमंत्री के पास जा सकूंगा, लेकिन उनके पास जाने का मौका मिला।
सचिन राठी
मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए सुबह से ही तैयारियां की। घर के बाहर रंगोली भी बनाई। मुख्यमंत्री से मिलने का सपना आसानी से पूरा हुआ। उसको लेकर काफी उत्साहित हूं।
-डा. शिप्रा जैन
मुख्यमंत्री के आने से पहले लग रहा था कि भारी सुरक्षा के चलते उनसे मुलाकात नहीं हो पाएगी, लेकिन मुख्यमंत्री जब कालोनी में आए, तो उनके साथ सेल्फी लेने का भी मौका मिला।
-कावेरी
यह कभी नहीं सोचा था कि हमारी गली गिरधारीनगर में मुख्यमंत्री आएंगे और उनसे मुलाकात भी होगी, लेकिन शनिवार को मुख्यमंत्री के आने पर यह सपना पूरा हो गया।
-रेनू
उन्होंने बंगले बनाए, हमने गरीबों के घर : योगी आदित्यनाथ
बुलंदशहर, जागरण संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पूर्व की सरकारों में अपनी समृद्धि करना ही सामाजिक न्याय था, जबकि हमारे लिए प्रदेश की जनता ही हमारी समृद्धि है। उन्होंने बंगले बनाए हैं, जबकि हमने गरीबों के घर बनवाए हैं। उन्होंने बिजली न देकर प्रदेश को अंधेरे में रखा, लेकिन हमारी सरकार ने बिजली बंद नहीं होने दी। हमारे पास विजन भी है और सकारात्मक सोच भी। कार्यकर्ता भाजपा काल में हुए विकास कार्यों को जनता को बताकर वोट मांगे। मुख्यमंत्री ने विधानसभा चुनाव में जिले की सभी सीटों के प्रत्याशियों का नाम लेकर उन्हें जिताने का आह्वान भी किया।
नुमाइश मैदान स्थित निकुंज हाल में शनिवार को प्रभावी मतदाता संवाद कार्यक्रम के तहत प्रबुद्धजनों से बात करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विरोधियों पर जमकर निशाना साधा। विकास के माडल के साथ भविष्य की योजनाओं को गिनाया। मेरठ से लेकर गंगा एक्सप्रेस-वे तक का जिक्र किया। बेरोजगारों को रोजगार की राह दिखाकर युवा वर्ग को भी साधने की कोशिश की।
अब सरकारी भर्तियों में पारदर्शिता
सीएम ने कहा कि एक्सप्रेस वे के नजदीक फिल्म सिटी बनने से युवाओं की किस्मत चमकेगी। पहले सरकारी भर्तियों में भ्रष्टाचार हुआ करता था, लेकिन अब इसमें पारदर्शिता है। प्रतिभा को आगे बढऩे से कोई नहीं रोक सकता। राजा महेंद्र प्रताप के नाम से अलीगढ़ में बनने वाले विश्वविद्यालय का भी सीएम ने जिक्र किया।