UP Chunav 2022: दंगों के गुनहगारों को सपा दे रही है सदस्यता, बुलंदशहर में बोले योगी आदित्यनाथ
UP Vidhan Sabha Election 2022 बुलंदशहर में पत्रकार वार्ता में मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के बाद प्रदेश में कानून का राज है। इसका देश में संदेश जा रहा है। सपा ने सरकार संभालते ही राममंदिर पर आतंकी हमला करने वालों के मुकदमे वापस लेने का फैसला लिया था।

बुलंदशहर, जागरण संवाददाता। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पांच साल में अपराधी, पेशेवर दंगाई, हिस्ट्रीशीटर व अराजकता फैलाने वाले लोग बिलों में दुबक गए थे, वे समाजवादियों की सूची की शोभा बढ़ा रहे हैं। मुजफ्फरनगर दंगे व सहारनपुर के सिख दंगों के गुनाहगारों को सपा सदस्यता दे रही है। भाजपा सरकार ने पांच साल के शासन में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति व पिछड़ों के लिए सामाजिक माडल प्रस्तुत कर उन्हें सम्मान दिया है। पिछली सरकार की प्राथमिकता विकास नहीं, अराजकता थी। उन्होंने राष्ट्रवाद, सुशासन व विकास पर समर्थन मांगा।
'2017 के बाद से प्रदेश में कानून का राज'
मुख्यमंत्री नुमाइश मैदान स्थित निकुंज हाल में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 2017 के बाद प्रदेश में कानून का राज है। इसका देश में संदेश जा रहा है। सपा ने सरकार संभालते ही राममंदिर पर आतंकी हमला करने वालों के मुकदमे वापस लेने का फैसला लिया था। हमने संविधान को मजबूत किया। भाजपा की सूची में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ी व अति पिछड़ी जाति के 66 प्रतिशत लोगों को टिकट दिया गया है। यह सामाजिक माडल का एक उदाहरण है। सपा की सूची में अराजकता फैलाने वाले लोग है। यह प्रदेश के बारे में उनकी सोच बता रही है। कैराना, मुजफ्फरनगर, बुलंदशहर, स्याना, लोनी और सहारनपुर के गुनाहगारों के नाम शामिल होने से उनकी विघटन व अराजकता पैदा करने वाली सोच साफ होती है। यह विकास नहीं यह विनाश है। इसमें शांति और सौहार्द नहीं अराजकता है। इससे माफिया को संरक्षण देने वालों की सांठगांठ दिखती है। प्रदेश की जनता इस बार परिवारवादी, वंशवादी, जातिवादी, विघटनवादी व नकारात्मकवादी ताकतों को इसका जवाब देगी।
'भाजपा ने दिया दंगा मुक्त माहौल'
भाजपा ने दंगा मुक्त माहौल दिया। भाजपा ने मां शाकुम्भरी विवि, मेजर ध्यानचंद खेल विवि, राजा महेंद्र प्रताप सिंह विवि, पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह मेडिकल कालेज, एटा व कासगंज में मेडिकल कालेज दिया। हर जिले में मेडिकल कालेज बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने प्रदेश की समृद्धि, सुरक्षा व सर्वांगीण विकास व यूपी को देश की नंबर एक अर्थव्यवस्था के लिए समर्थन मांगा।
'आक्सीजन की प्रदेश में कोई दिक्कत नहीं'
सीएम ने कहा, देश का कोरोना प्रबंधन दुनिया में सबसे बेहतर रहा। पीएम मोदी की कोरोना मानीटरिंग व राज्यों के साथ संवाद कर हर प्रकार की सुविधा उपलब्ध कराई गई। भारत ने दुनिया में कोरोना संक्रमण रोकथाम का सुपर माडल पेश किया है। सबसे ज्यादा आबादी के यूपी ने प्रथम, द्वितीय लहर के बाद अब ओमिक्रोन से सफलता पूर्वक जीत हासिल की है। 24 करोड़ से ज्यादा लोगों को वैक्सीन की डोज फ्री उपलब्ध कराई गई है। आक्सीजन की कोई दिक्कत प्रदेश में अब नहीं है। फ्री राशन दिया जा रहा है। बुलंदशहर में सक्रिय केस 1908 हैं। 14 में से 13 आक्सीजन प्लांट जिले में कार्यरत है। 93 प्रतिशत लोगों को दूसरी डोज दी जा चुकी है। 13 हजार सीनियर सिटीजन को प्राथमिक बचाव डोज दी गई है।
Edited By Parveen Vashishta