UP Chunav 2022 : इस सीट पर लालू यादव के दामाद पर सपा ने एक बार फिर जताया भरोसा
UP Vidhan Sabha Election 2022 बुलंदशहर के सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी ने लालू प्रसाद यादव के दामाद राहुल यादव को उम्मीदवार बनाया है। वह यहां से पिछला चुनाव भी सपा के टिकट पर लड़े थे लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
बुलंदशहर, जागरण संवाददाता। सिकंदराबाद विधानसभा सीट से सपा ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव के दामाद राहुल यादव को प्रत्याशी बना चुनावी रण में उतारा है। वह पिछले चुनाव में भी इस सीट पर ताल ठोक चुके हैं, लेकिन सफलता नहीं मिली थी। इस बार भी अपना भाग्य आजमाने चुनाव मैदान में उतरेंगे।
क्षेत्र में हैं यादवों के काफी गांव
दरअसल, सिकंदराबाद विधानसभा क्षेत्र के गुलावठी क्षेत्र में यादवों के काफी गांव है। जिसकी वजह से इस सीट पर यादव उम्मीदवार चुनाव लड़ते रहे हैं। गाजियाबाद निवासी एवं बिजनेसमैन सपा नेता जितेंद्र यादव सिकंदराबाद क्षेत्र से वर्ष 2012 में कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। हालांकि वह हार गए थे। बाद में उन्हें सपा ने एमएलसी बनाया था। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव जितेंद्र के समधी है। पिछले विधानसभा चुनाव में अपने राजनैतिक रसूख के कारण उन्होंने अपने बेटे राहुल यादव को चुनावी रण में उतारा था, लेकिन राहुल के सिर भी जीत का सेहरा नहीं बंध सका था। वह तीसरे स्थान पर रहे थे। भाजपा उम्मीदवार विमला सोलंकी ने जीत दर्ज की थी। दूसरे स्थान पर रहे बहुजन समाज पार्टी के मोहम्मद इमरान रहे थे।
वर्ष 2017 के चुनाव में उनके चुनाव प्रचार को लालू प्रसाद यादव भी पहुंचे थे और दो जगह जनसभाओं को संबोधित किया था। एक बार फिर सपा ने राहुल यादव पर दांव लगाया है। चुनाव दस फरवरी को होना हैं। जनता उन पर कितना भरोसा जताती है, इस सवाल का जवाब भविष्य देगा।
यह भी पढ़ें: ...जब यूपी चुनाव में दामाद के प्रचार को पहुंचे थे लालू यादव