UP Chunav 2022: जानें कैसे दूर हुई तल्खी, धर्म सिंह सैनी के प्रचार में उतरे इमरान मसूद
UP Vidhan Sabha Election 2022 वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में इमरान मसूद कांग्रेस के टिकट पर सहारनपुर की नकुड़ सीट से चुनाव लड़े थे। इस चुनाव में बसपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुए डा. धर्म सिंह सैनी ने उन्हें हराया था।
सहारनपुर, जागरण संवाददाता। राजनीति में कब-क्या समीकरण बन जाएं, कहा नहीं जा सकता। पूर्व मंत्री डा. धर्म सिंह सैनी तथा सपा नेता इमरान मसूद कभी एक-दूसरे के धुर विरोधी रहे। धर्म सिंह ने नकुड़ सीट पर दो बार इमरान मसूद को हराया। दोनों के बीच हमेशा तल्ख रिश्ते रहे। अब इमरान मसूद सपा में शामिल हो गए हैं जबकि धर्म सिंह सैनी नकुड़ सीट से सपा प्रत्याशी हैं। दोनों के एक ही दल में होने के कारण यह तल्खी भी दूर हो गई है। अब इमरान मसूद अपने दामाद शायान मसूद के साथ डा. धर्म सिंह सैनी के लिए प्रचार कर रहे हैं।
10 वर्ष पूर्व शुरू हुआ था सिलसिला
जिले में अलग-अलग दलों के नेताओं के गलबहियां करने का सिलसिला करीब 10 वर्ष पूर्व शुरू हुआ था। उस समय निर्दल विधायक इमरान मसूद ने सपा के पूर्व मंत्री आजम खां से 36 का आंकड़ा होने के बावजूद जनमंच में सम्मेलन कर एकजुटता का अहसास कराया था। हालांकि इसमें पूर्व केन्द्रीय मंत्री काजी रशीद मसूद शामिल नहीं हुए थे। बाद में इमरान ने चौ. यशपाल सिंह के परिवार से नजदीकी बढ़ाकर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बावजूद 2012 विधानसभा चुनाव में काजी और चौ. यशपाल का परिवार कोई कमाल नहीं कर पाया। नतीजा, नकुड़ सीट पर इमरान मसूद को बसपा में रहे पूर्व मंत्री डा. धर्म सिंह सैनी ने करारी शिकस्त दी। गंगोह सीट पर चौ. यशपाल सिंह के परिवार के चौ. इंद्रसेन भी नहीं जीत सके थे।
डा. धर्म सिंह सैनी ने इमरान को हराया था
पारिवारिक विवाद में इमरान सपा छोड़कर कांग्रेस में लौटे। 2014 का लोकसभा चुनाव लड़ा लेकिन नाकामयाब रहे। 2017 विधानसभा चुनाव में इमरान कांग्रेस के टिकट पर पुन: नकुड़ सीट से चुनाव लड़े। बसपा छोड़कर भाजपा में शामिल हुए पूर्व मंत्री डा. धर्म सिंह सैनी ने इस चुनाव में भी इमरान को हराया था।