UP Chunav 2022: जानिए हस्तिनापुर से भाजपा के पूर्व विधायक क्यों बोले- संपर्क में हैं बसपा के शीर्ष नेता
UP Vidhan Sabha Chunav 2022 हस्तिनापुर से भाजपा के पूर्व विधायक गोपाल काली ने कहा कि अगर सर्वे के आधार पर टिकट होता तो वे उम्मीदवार होते। उन्होंने इसके कई उदाहरण भी गिनाए। कहा कि बसपा के शीर्ष नेता उनके संपर्क में हैं और जल्द ही रणनीति से पर्दा उठेगा।
मेरठ, जागरण संवाददाता। हस्तिनापुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के विधायक रह चुके गोपाल काली के तेवर बगावती हैं। उन्होंने मंगलवार को पार्टी के घोषित उम्मीदवार राज्यमंत्री दिनेश खटीक पर निशाना साधते हुए भाजपा संगठन को भी घेरा।
हस्तिनापुर विधानसभा सीट से नामांकन पत्र लेने के दूसरे दिन मंगलवार को मवाना स्थित कैंप कार्यालय पर गोपाल काली ने प्रेसवार्ता की। कहा कि बसपा के शीर्ष नेता उनके संपर्क में हैं। जल्द ही अगली रणनीति से अवगत कराएंगे। हालांकि, बसपा ने हस्तिनापुर विधानसभा सीट पर अपना प्रत्याशी घोषित कर रखा है लेकिन उन्होंने संभावना जताई कि वह हस्तिनापुर से भी बसपा उम्मीदवार हो सकते हैं।
भाजपा प्रत्याशी पर लगाए आरोप
उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव में जरूर उतरेंगे, इसीलिए नामांकन फार्म खरीदे हैं। पार्टी चाहे जो निर्णय ले। समय आने पर वह खुद ही पार्टी छोड़ देंगे। गोपाल काली ने भाजपा संगठन को घेरते हुए भाजपा प्रत्याशी दिनेश खटीक पर गंभीर आरोप लगाए। चार साल पहले हुए निकाय चुनाव व जिला पंचायत सदस्य चुनाव में हार का ठीकरा भी दिनेश खटीक पर फोड़ा। कहा कि भाजपा में सर्वे के आधार पर नहीं बल्कि किसी अन्य आधार पर टिकट मिलते हैं। अगर सर्वे के आधार पर टिकट होता तो वह उम्मीदवार होते।