UP Chunav 2022: आचार संहिता के उल्लंघन पर सहारनपुर में बसपा प्रत्याशी समेत चार के खिलाफ केस दर्ज
UP Vidhan Sabha Election 2022 आचार संहिता के उल्लंघन पर पुलिस द्वारा कार्रवाई करने का सिलसिला जारी है। सहारनपुर में सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर और बैनर लगाने पर बसपा के प्रत्याशी के खिलाफ शिकंजा कसा गया है। चार के खिलाफ केस दर्ज किया है।
सहारनपुर, जेएनएन। जिले में ही नही पूरे उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर आदर्श आचार संहिता लगी हुई है। बावजूद इसके सहारनपुर देहात सीट से बसपा के प्रत्याशी अजब सिंह के समर्थक गागलहेड़ी थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर और बैनर लगा रहे थे। जिसके बाद गागलहेड़ी थाने में बसपा प्रत्याशी और पोस्टर छापने वाले प्रिंटिंग मशीन के मालिक के खिलाफ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है।
लगा रहे थे पोस्टर और बैनर
एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि उनके गागलहेड़ी थाने के दारोगा नवीन सैनी शुक्रवार की देर शाम पुलिस पार्टी के साथ गांव कैलाशपुर में गश्त कर रहे थे। उन्होंने देखा कि बसपा पार्टी प्रत्याशी अजब सिंह के समर्थन में विपिन पुत्र विक्रम सिंह निवासी बादलपुर थाना बेहट, मुकेश पुत्र किशन लाल निवासी लढ़ौरा जुनारदार थाना बेहट पोस्टर बैनर लगा रहे थे।
सभी के खिलाफ केस दर्ज
यह बैनर राहुल प्रिन्टर्स उर्फ बिलाल पुत्र शफीक निवासी खान आलमपुरा थाना जनकपुरी के यहां छपवाए गए थे। स्कार्पियो कार नम्बर यूके 08 पी 9059 से घूम घूम कर विधानसभा चार सहारनपुर देहात से बसपा पार्टी के प्रत्याशी अजब सिंह के प्रचार प्रसार के लिए स्टीकर पोस्टर लगा रहे थे। पुलिस ने बसपा प्रत्याशी को भी नामजद करते हुए सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।