यूपी चुनाव 2022: बागपत में तीनों सीट रालोद को जाने पर छलका सपाइयों का दर्द
UP Assembly Elections 2022 तीनों सीटों पर रालोद के प्रत्याशी उतारने से सपाइयों का आक्रोश छलक पड़ा। लखनऊ में सपा प्रमुख से मिले और एक सीट की मांग की। अखिलेश ने सपा को बड़े दिल वाली पार्टी बताया दिया आश्वासन।
बागपत, जागरण संवाददाता। तीनों सीटों पर रालोद के प्रत्याशी उतारने से सपाइयों का आक्रोश छलक पड़ा। वह मंगलवार को लखनऊ पहुंचे और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव से मुलाकात की। बागपत में एक सीट पर सपा के उम्मीदवार को लड़ाने का अनुरोध किया।
सपा जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी, महिला सभा जिलाध्यक्ष डा. सीमा यादव, प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष नगेंद्र सिंह और अर्जुन अवार्डी पहलवान शौकेंद्र तोमर ने सपा प्रमुख से कहा कि सपाइयों ने सरकार की गलत नीतियों का विरोध करने को बागपत में पांच साल पुलिस की लाठियां खाई। हमेशा पार्टी को मजबूत करने के लिए काम किया है। अब विधानसभा चुनाव में तीनों सीटें रालोद को दी गईं। इससे दावेदारों और कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। एक सीट पर सपा उम्मीदवार को चुनाव लड़ाया जाए। फोन पर सपा जिलाध्यक्ष मनोज यादव व नगेंद्र ङ्क्षसह ने बताया कि अखिलेश यादव ने आश्वासन देते हुए कहा कि सपा बड़े दिल वाली पार्टी है। बागपत की तीनों सीटें रालोद को दी गई। आप बड़ा दिल दिखाकर मामले को छोडि़ए, तीनों सीटों पर रालोद उम्मीदवारों को जीत दिलाने को जुट जाइए। अखिलेश ने उनसे कहा कि बागपत में जिन लोगों ने पुलिस की लाठी खाई है और मुकदमें झेले हैं, उनके त्याग को ध्यान में रखा जाएगा। सरकार बनी तो आपको मंत्री बनाएंगे।
जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी ने बताया कि अखिलेश यादव के आश्वासन से बागपत के सपा कार्यकर्ता-नेता खुश हैं और रालोद उम्मीदवारों को जीत दिलाने के लिए मेहनत से काम करेंगे।