खिलाड़ी से दरिदगी के बाद अनजान लोगों पर कालोनी में नजर
बागपत रोड की एक कालोनी में शुक्रवार को खिलाड़ी से कार में हुई दुष्कर्म की घटना को सभी ने झकझोर दिया है।
मेरठ, जेएनएन। बागपत रोड की एक कालोनी में शुक्रवार को खिलाड़ी से कार में हुई दुष्कर्म की घटना ने सभी को झकझोर दिया है। सुरक्षा और सतर्कता की बात होने लगी है। शहर में कई बड़ी-बड़ी सोसायटी हैं, जिनमें अब अनजान लोगों के आने से लेकर जाने तक पर नजर रखने की बात कही जा रही है। साथ ही उनकी पूरी जानकारी भी नोट की जाएगी।
मेडिकल थाना क्षेत्र की लखमी विहार कालोनी में आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष बिल्लू चौधरी ने कहा कि उनकी कालोनी में सुरक्षा दुरुस्त है। अनजान लोगों से गेट पर ही गार्ड कहां जाना है, इसकी जानकारी ले लेता है। इसके बाद फोन पर बात करता है, तब किसी को भीतर जाने दिया जाता है। इसके अलावा गाड़ी का नंबर, मोबाइल नंबर और व्यक्तियों की संख्या तक नोट की जाती है। साथ ही आने-जाने का समय भी दर्ज होता है। दिल्ली रोड स्थित प्रताप विहार कालोनी में आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष संदीप गुप्ता ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने भी सुरक्षा कर्मचारियों से सतर्कता बरतने के लिए कहा है। किसी भी अनजान गाड़ी और आदमी से पूरी पूछताछ के बाद भी आने की अनुमति दी जा रही है। किसी के यदि कोई आता है, तो पहले बात होती है। बागपत रोड की शंभू नगर कालोनी निवासी अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि उनकी कालोनी में हर वक्त सुरक्षाकर्मी मौजूद रहते हैं। कई जगहों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं। गार्ड पूरे जानकारी के बाद ही किसी को अंदर भेजते हैं। यदि किसी के काम चलता है तो मजदूरों को भी टोकन दिया जाता है। साथ ही पुलिस के साथ भी लगातार संपर्क में रहा जता है। मेडिकल थाना क्षेत्र की गोल्डन टावर कालोनी के आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष एसडी शर्मा ने बताया कि कालोनी में शुरू से ही सुरक्षा पर ध्यान दिया जाता है। आने वाले की पूरी जानकारी नोट होती है। कई जगह सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं।