शामली में दो युवतियों का कत्ल, दोनों शव खेत में रस्सियों से बंधे मिले, चोट के निशां दे रहे हाथापाई की गवाही Shamli News
शामली में जगनपुर के एक खेत में रस्सियों से बंधे दो युवतियों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों के सिर व गले पर गंभीर चोट के निशान हैं। शवों के सिर व गले पर चोट के निशान।
शामली, जेएनएन। लॉकडाउन के बीच दो युवतियों की हत्या कर दी गई। बुधवार देर शाम जगनपुर के एक खेत में रस्सियों से बंधे दोनों शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों के सिर व गले पर गंभीर चोट के निशान हैं। शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव मर्चरी भेज दिए हैं। कैराना क्षेत्र के गांव जगनपुर निवासी श्यामलाल का कैराना-जगनपुर लिंक मार्ग से करीब 500 मीटर की दूरी पर खेत है।
यह है मामला
बुधवार शाम करीब छह बजे किसान अपने ईंख के खेत में खाद डाल रहा था। इसी दौरान गन्ने के खेत के बीच में दो युवतियों के शव पड़े दिखाई दिए। श्यामलाल ने पुलिस व ग्रामीणों को सूचना दी। सीओ प्रदीप सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस का मानना है कि दोनों युवतियों की हत्या के बाद शव यहां फेंके गए हैं।
क्या है मौत का सच
पुलिस की मानें तो दोनों युवतियों की अभी शिनाख्त नहीं हुई है। उनकी वेशभूषा आधुनिक है। विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
हत्या से पहले हुई हाथापाई
शवों पर मिले जख्म इस बात की गवाही दे रहे हैं कि हत्या से पहले उन्होंने हत्यारों से संघर्ष किया। पुलिस के अनुसार, गला घोंटकर हत्या की गई होती तो सिर पर गंभीर घाव के निशान नहीं मिलते। दोनों के शव भी एक ही जगह बांधकर डाले गए हैं।
इनका कहना है...
ईंख के खेत से दो शव बरामद हुए हैं। दोनों के सिर पर गहरे घाव के निशान हैं। दोनों की आयु 20 से 25 वर्ष के बीच लग रही है। शिनाख्त नहीं होने पर शव मर्चरी भेज दिए गए हैं। तमाम बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
- प्रदीप सिंह, सीओ कैराना।