मेरठ में पुलिस की दो टीम भी अपहृत छात्रा का नहीं लगा सकी सुराग Meerut News
दो दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली है। पुलिस की टीम शहर में संप्रदाय विशेष की अपहृत छात्रा का सुराग नहीं लगा सकी है। सीओ अरविंद चौरसिया ने दो टीमें लगा दी थी। पुलिस ने एक आरोपित पंकज को गिरफ्तार कर लिया है। छात्रा को जल्द बरामद करेंगे।
मेरठ, जेएनएन। मेरठ में संप्रदाय विशेष की अपहृत छात्रा को पुलिस की दो टीम भी दो दिन में बरामद नहीं कर सकी। इस मामले में पुलिस ने एक युवक को पकड़ रखा है। वहीं, क्षेत्र में तनाव भी बना हुआ है। सीओ खुद मामले की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि छात्रा की तलाश जारी है और जल्द ही उसे बरामद कर लिया जाएगा।
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के फतेहउल्लापुर निवासी मुफीद आलम ने बताया कि उसकी 14 वर्षीय बेटी मदरसे में पढ़ती है। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे पड़ोस में रहने वाली दो लड़कियां बेटी को अपने साथ ले गई थीं। पड़ोसी रफीक ने बताया था कि बेटी को कुछ लोग गाड़ी में बैठाकर ले गए हैं। उसकी तलाश भी की, लेकिन कहीं पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने अपहरण का मुकदमा सुंदर, बिट्टू, पंकज, अमित, रेनू और मानसी के खिलाफ दर्ज करा दिया था। बेटी की बरामदगी नहीं होने पर हंगामा भी किया था।
इस पर सीओ अरविंद चौरसिया ने पुलिस की दो टीमें लगा दी थी। पुलिस ने पंकज को गिरफ्तार कर लिया है। सीओ का कहना है कि छात्रा के बारे में जानकारी मिली है। दोनों टीमों को भेजा गया है। जल्द ही छात्रा की सकुशल बरामदगी कर ली जाएगी। वहीं, छात्रों के स्वजनों ने आज अफसरों से मिलकर उसकी बरामदगी की गुहार लगाने की बात कही है।