दीवार को लेकर दो पक्षों में संघर्ष, छह घायल
मोहल्ला कानी पट्टी में शनिवार को दीवार को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई।
मेरठ, जेएनएन। मोहल्ला कानी पट्टी में शनिवार को दीवार को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। जिसमें धारदार हथियार चले। संघर्ष में पिता-पुत्र दोनों ओर से छह लोग घायल हो गये। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भिजवा दिया।
उक्त मोहल्ले में नईम पुत्र शकील दीवार का निर्माण कर रहा है। पड़ोस के सलाम पुत्र इब्राहीम ने विरोध किया। इसको लेकर दोनों पक्ष आमने सामने आ गए और धारदार हथियार चले। जिसमें एक पक्ष से नईम व उसका लड़का नदीम व लड़की कमरजहां गंभीर घायल हो गई। जबकि सलाम, वसीम व सलीम को भी चोटें आईं। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर घायल पिता-पुत्र व पुत्री समेत तीन लोगों को अस्पताल भिजवा दिया। थाना प्रभारी शिवगिरी भदौरिया ने बताया कि अभी नईम पक्ष की ओर से तहरीर आई है। जांच कर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
लूट के आरोपितों को भेजा जेल: इंस्पेक्टर संजय शर्मा ने बताया कि गुरुवार को बदमाशों ने सरधना के व्यापारी शोएब से लोहियानगर में दस लाख की नकदी लूट ली थी। पुलिस ने शुक्रवार रात तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने शनिवार को जाहिद, आसिफ और आजाद को जेल भेज दिया।
सामूहिक दुष्कर्म के आरोपित को भेजा जेल:27 फरवरी को क्षेत्र के एक हिस्ट्रीशीटर की पत्नी ने सामूहिक दुष्कर्म एवं रिश्तेदार महिला को गोली मारने के मामले में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। एक आरोपित अकबर को पीड़िता ने स्वजन के साथ मिलकर कचहरी के गेट के सामने दबोच लिया था। शनिवार को पुलिस ने आरोपित अकबर को जेल भेज दिया। इंस्पेक्टर संजय शर्मा का कहना है कि मामले की जांच करके आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।