Meerut: मजाक करने पर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, सड़क से लेकर थाने तक चले लाठी-डंड़े
उत्तर प्रदेश के मेरठ में मजाक करने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। लाठी-डंडे चले जिसमें कई लोग घायल हो गए। मारपीट की यह घटना थाने में भी हुई। पुलिस दोनों पक्षों को छुड़ाने की भरपूर प्रयास करती रही।
मेरठ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के मेरठ में मजाक करने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। लाठी-डंडे चले, जिसमें कई लोग घायल हो गए। मारपीट की यह घटना थाने में भी हुई। पुलिस दोनों पक्षों को छुड़ाने की भरपूर प्रयास करती रही। इस घटना में महिलाएं भी भिड़ गईं। पुलिसकर्मियों ने बमुश्किल उनको अलग किया। पुलिस इनपर कार्रवाई की तैयारी कर रही है।
नौचंदी थाना क्षेत्र के नेहरू नगर निवासी विनय का टेंट का काम है। उसके यहां पर नेहरू नगर निवासी मोक्ष और फूलबाग कालोनी निवासी सोनू काम करते हैं। मंगलवार शाम को फूलबाग कालोनी में एक समारोह के लिए टेंट लगाया जा रहा था। इस दौरान मोक्ष और सोनू में मजाक करते हुए मारपीट हो गई। सूचना पर पहुंचे दोनों पक्षों के स्वजन भिड़ गए। जमकर लाठी-डंडे भी चले। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष को एटीएम कक्ष में बंद कर दिया। काफी देर तक हंगामा हुआ।
थानों में भिड़ी महिलाएं
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराते हुए घायल का इलाज कराया। इसके बाद दोनों पक्षों को लेकर थाने पहुंच गए। थाने में ही दोनों पक्षों की महिलाएं भी भिड़ गई। बमुश्किल पुलिसकर्मियों ने उनको अलग कराया। थाना प्रभारी संजय वर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिल गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।