पहले फोन पर तीन तलाक, अब बना रहा समझौते का दबाव
चंद रुपयों के लालच में तीन तलाक बोलकर पति ने सात जन्मों का रिश्ता पल भर में तोड़ दि
मेरठ,जेएनएन। चंद रुपयों के लालच में तीन तलाक बोलकर पति ने सात जन्मों का रिश्ता पल भर में तोड़ दिया। महिला ने तहरीर देकर ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। आरोप है कि विवेचक आरोपितों को गिरफ्तार नहीं कर रहा, जिस वजह से पीड़िता पर समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। उसने एसपी देहात से मामले की शिकायत की है।
खरखौदा थाना क्षेत्र के ग्राम पीपलीखेड़ा निवासी अताउल्ला ने अपनी बेटी रीमा की शादी वर्ष 2018 में मुंडाली थाना क्षेत्र के ग्राम कुढ़ला निवासी शान मोहम्मद उर्फ शानू पुत्र जान मोहम्मद से की थी। कुछ समय पहले रुपयों के लेनदेन को लेकर दंपती के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद विवाहिता मायके आ गई। आरोप है कि पति ने फोन पर तीन तलाक दे दिया। महिला ने खरखौदा थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया था। लेकिन आरोप है कि विवेचक उदयवीर सिंह आरोपितों को गिरफ्तार नहीं कर रहे हैं। एसपी देहात केशव कुमार ने खरखौदा थाना प्रभारी को आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं।
दंपती के विवाद में मासूम झुलसी: थाना क्षेत्र के मोहल्ला शेखान निवासी विवाहिता शनिवार को थाने पहुंची। जहां, उसने पति पर दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर मारपीट व बीच बचाई में आई मासूम को चूल्हे में धक्का देने का आरोप लगाकर तहरीर दी। पुलिस ने पीड़िता को कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
रिहाना पुत्री इनामुलहक ने बताया कि उसका निकाह करीब छह वर्ष पहले बिनौली निवासी युवक से हुआ था। कुछ समय बाद आरोपित पति दहेज की मांग पूरी नहीं करने पर परेशान करने लगा। पीड़िता ने बताया कि करीब 15 दिन पहले आरोपित पति उससे झगड़ा कर रहा था। उसी समय बीच-बचाव में उसकी बेटी आ गई। जिसे आरोपित ने चूल्हे पर धक्का दे दिया। उस पर बर्तन में दाल पक रही थी। जो मासूम पर गिर गई जिससे वह झुलस गई। इसके बाद शुक्रवार को आरोपित पीड़िता को बच्ची सहित उसके मायके छोड़ गया। फिलहाल, पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।