चेतन चौहान को दी श्रद्धांजलि, सीबीआइ जांच की मांग
शिवसेना मेरठ इकाई ने जिला प्रमुख दिनेश कुमार सिघल व महानगर प्रमुख मोहित त्यागी के नेतृत्व में बच्चा पार्क पर कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान को उनके चित्र पर माल्यार्पण कर कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि दी गई।
जेएनएन, मेरठ। शिवसेना मेरठ इकाई ने जिला प्रमुख दिनेश कुमार सिघल व महानगर प्रमुख मोहित त्यागी के नेतृत्व में बच्चा पार्क पर कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान को उनके चित्र पर माल्यार्पण कर कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि दी गई। उनकी मृत्यु की सीबीआइ जांच कराने की मांग की गई। इस संबंध में 24 अगस्त को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल को शिवसेना के पदाधिकारियों ने ज्ञापन दिया है। शिवसेना के पदाधिकारियों का कहना है कि जिस तरह से विधान परिषद सदस्य सुनील सिंह साजन ने आरोप लगाया है कि पीजीआइ स्टाफ का व्यवहार पीड़ादायक रहा। चेतन चौहान को किन परिस्थितियों में पीजीआइ लखनऊ से मेदांता में शिफ्ट किया गया। यह हकीकत सामने आनी चाहिए।
सबमर्सिबल से शुरू हुई पेयजल व्यवस्था
जेएनएन, मेरठ। मोदी कॉलोनी में पेयजल संकट दूर हो गया है। बुधवार को कॉलोनीवासियों द्वारा अपने खर्चे पर लगवाए गए सबमर्सिबल से पानी आना शुरू हो गया। वहीं, कॉलोनी में सफाई व्यवस्था ठप होने से हालात जस के तस बने हैं।
बता दें कि मोदी रबर और कांटिनेंटल कंपनी के बीच 15 जुलाई को करार खत्म होने के बाद से समस्याएं बढ़ती जा रहीं थीं। कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल ने डीएम को दिए ज्ञापन में बताया था कि मोदी रबर कंपनी के लिए प्रदेश सरकार ने भूमि लीज पर दी थी, उसके बावजूद कंपनी श्रमिकों पर ज्यादती कर रही है। वहीं, कालोनी के ही रहने वाले आरएन तिवारी समेत अन्य लोगों ने सबमर्सिबल लगवाने की पहल की। बुधवार को सबमर्सिबल का काम पूरा हो गया और परिवारों को पेयजल संकट से मुक्ति मिल गई।
ईव्ज चौराहे पर गैस रिसाव से अफरातफरी
जेएनएन, मेरठ। गेल इंडिया कंपनी गैस की पाइप लाइन जमीन में डालने का काम कर रही है। ईव्ज चौराहे के पाइप लाइन डालने के लिए खोदाई चल रही थी। कर्मचारी बीच में भी आधा अधूरा काम छोड़कर चले गए। बुधवार को अचानक ही पाइप से गैस रिसाव हो रहा था। इससे आसपास के लोगों में अफरा तफरी का माहौल बन गया। व्यापारी सुधांशू महाराज ने इंस्पेक्टर सिविल लाइन को जानकारी दी। इसी दौरान व्यापारियों ने पॉलिथीन लगाकर गैस रिसाव को रोक दिया। इंस्पेक्टर अब्दुर रहमान सिद्दकी ने बताया कि गेल कंपनी के कर्मचारियों को बुलाकर गैस रिसाव बंद करा दिया गया है।