ट्रेनिंग के दौरान मानसिक और शारीरिक रूप से तराशे जा रहे होमगार्ड्स Meerut News
मंडलीय प्रशिक्षण केंद्र में होमगार्ड्स को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। चुनौतियों से निपटने के लिए होमगार्ड के जवानों को मानसिक और शारीरिक रूप से सक्षम बनाया जा रहा है।
मेरठ, जेएनएन। बदलते दौर में बढ़ती सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए होमगार्ड के जवानों को मानसिक और शारीरिक रूप से सक्षम बनाया जा रहा है। मंडलीय प्रशिक्षण केंद्र में 9 जिलों के होमगार्ड जवानों को शारीरिक प्रशिक्षण के साथ ही आपात स्थिति से निपटने और कानून की जानकारी भी दी जा रही है।
279 जवानों को प्रशिक्षण
ग्राम पांचली खुर्द स्थित मंडलीय होमगार्ड प्रशिक्षण केंद्र में मेरठ और सहारनपुर मंडल के मेरठ, बागपत, बुलंदशहर, हापुड़, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली जिलों के कुल 279 होमगार्ड जवानों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण केंद्र पर तैनात सिविल मेजर सलमान अहमद ने बताया की जवानों को 8 यूनिट में बांटकर परेड का अभ्यास कराया जा रहा है। साथ ही उन्हें आग, बाढ़ इत्यादि आपदाओं से निपटने का भी अभ्यास कराया जा रहा है।
धाराओं का भी कराया जा रहा बोध
जवानों को बढ़ती अपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं का भी बोध कराया जा रहा है। जवानों को आदर्श सामाजिक व्यवहार का भी पाठ पढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्र में जवानों के ठहरने और खाने-पीने की भी व्यवस्था है। जवानों के खाने के लिए सौ रुपये प्रतिदिन का बजट है। प्रशिक्षण में कमांडेंट मनीष दुबे, उत्तम कुमार, विनोद कुमार, सचिन कुमार, सौरभ तेवतिया, योगेंद्र कुमार, कपिल कुमार और कालीचरण आदि प्रशिक्षक मौजूद रहे।