मेरठ में व्यापारी नेता किशोर वाधवा समेत तीन पर छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज, जानें पूरा मामला Meerut News
मेरठ स्थित सेंट्रल मार्केट में एनजीओ संचालिका के फास्टफूड कार्नर को लेकर शुरू हुआ विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। अब संचालिका की तहरीर पर व्यापारी नेता किशोर वाधवा समेत तीन के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज किया गया है।
मेरठ, जेएनएन। सेंट्रल मार्केट में एनजीओ संचालिका के फास्टफूड कार्नर को लेकर शुरू हुआ विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है। अब संचालिका की तहरीर पर व्यापारी नेता किशोर वाधवा समेत तीन के खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज किया गया है। शास्त्रीनगर निवासी एनजीओ संचालिका ने सेंट्रल मार्केट में फास्ट फूड का स्टाल लगाया। व्यापारी नेता किशोर वाधवा, आशीष गुप्ता, महिला और कुछ व्यापारियों ने इसका विरोध किया और स्टाल हटवा दिया। इसी बीच एनजीओ संचालिका नगर निगम से स्टाल लगाने के लिए रसीद कटवा लाई।
महिला एडीजी राजीव सभरवाल के सामने पहुंची और किशोर बाधवा पक्ष पर मारपीट करने और कपड़े फाड़ने का आरोप लगाया। एडीजी के आदेश पर नौचंदी पुलिस ने किशोर बाधवा और अन्य तीनों के खिलाफ छेड़छाड़ और मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद व्यापारियों के दो गुट आमने-सामने आ गए। एक गुट के व्यापारी नेता जितेंद्र अग्रवाल और विजय गांधी का कहना है कि एनजीओ संचालिका का स्टाल जरुर लगेगा। दूसरी ओर किशोर बाधवा का कहना है कि सड़क पर अतिक्रमण नहीं होने देंगे।
इंस्पेक्टर संजय वर्मा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। अमन जैन हत्याकांड में दो फाड़ हुए थे व्यापारी जागृति विहार के अमन जैन हत्याकांड में सेंट्रल मार्केट की बाजार बंदी को लेकर व्यापारी दो गुटों में बंट गए थे। एक तरफ किशोर बाधवा तो दूसरी तरफ जितेंद्र अग्रवाल उर्फ अट्टू गुट था। तभी से दोनों गुटों में मामूली बात को लेकर विवाद बढ़ रहा है। हर विवाद में दोनों गुट एक दूसरे के खिलाफ खड़े हो जाते हैं।