Top Meerut News of the day, 5th May 2020: मेरठ में कोरोना से आठवीं मौत, विधायक अमनमणि त्रिपाठी को मिली जमानत , गर्भवती के पेट में मारी लात, तीन वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म, परिणय सूत्र में बंधीं मल्ल अंशु तोमर
मेरठ में कोरोना का कहर जारी है। बिजनौर में विधायक अमनमणि त्रिपाठी व उनके छह साथियों को कोर्ट ने जमानत दे दी। इनसे 20-20 हजार के मुचलके भी भरवाए गए हैं।
मेरठ, जेएनएन। मेरठ में कोरोना का कहर जारी है। बिजनौर में विधायक अमनमणि त्रिपाठी व उनके छह साथियों को कोर्ट ने जमानत दे दी। इनसे 20-20 हजार के मुचलके भी भरवाए गए हैं। वहीं नहटौर क्षेत्र के एक गांव निवासी तीन वर्षीय बच्ची के साथ पड़ोस में रहने वाले 13 वर्षीय किशोर ने सोमवार की देर शाम दुष्कर्म किया। बागपत में बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक ने गर्भवती के पेट में लात मार दी इससे उसका तीन माह का गर्भ गिर गया। दूसरी ओर अंतरराष्ट्रीय महिला मल्ल अंशु तोमर राष्ट्रीय पहलवान धर्मेंद्र के साथ परिणय सूत्र में बंध गईं।
विधायक अमनमणि त्रिपाठी व साथियों को मिली जमानत
बिजनौर में विधायक अमनमणि त्रिपाठी व उनके छह साथियों को कोर्ट ने जमानत दे दी। इनसे 20-20 हजार के मुचलके भी भरवाए गए हैं। 30 दिन के अंदर दाखिल करने होंगे 20-20 हजार के जमानती। जज ने विधायक से कहा, आप जिम्मेदार पद पर हैं, आपसे ऐसी उम्मीद नहीं की जा सकती। विधायक ने कहा, गलतफहमी के चलते मुझसे गलती हो गई। क्वारंटाइन के विषय मे कोर्ट ने कहा, यह काम पुलिस प्रशासन का है। एक दिन पूर्व उन्हें लॉकडाउन का उल्लंघन, महामारी अधिनियम और बिना पास घूमते हुए गिरफ्तार किया गया था। वह उत्तराखंड से लौट रहे थे। जमानत मिलने के बाद उनका व साथियों का कोरोना टेस्ट होगा। सभी को क्वारंटाइन किया जाएगा।
मेरठ में कोरोना से आठवीं मौत
मेरठ में कोरोना का कहर जारी है। सोमवार रात मेडिकल में जिस युवक की मौत हुई थी उसकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। न्यूटिमा में सफाई सुपरवाइजर की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से ओपीडी दो दिन के लिए बंद। कुछ सीनियर डाक्टर होम क्वारंटाइन। बुलंदशहर व शामली में भी एक एक मरीज पॉजिटिव।
तीन वर्षीय बच्ची से किशोर ने किया दुष्कर्म, हालत गंभीर
बिजनौर : नहटौर क्षेत्र के एक गांव निवासी तीन वर्षीय बच्ची के साथ पड़ोस में रहने वाले 13 वर्षीय किशोर ने सोमवार की देर शाम दुष्कर्म किया। उसकी चीख-पुकार सुनकर मां मौके पर पहुंची, तो आरोपित मौके से फरार हो गया। बच्ची की हालत खराब होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज आरोपित को पकड़ लिया है।
पांच हजार के लिए किसान की फावड़े से काटकर हत्या
बुलंदशहर : स्याना कोतवाली क्षेत्र के गांव महाव में उधार दिए गए पांच हजार रुपये मांगने पर 42 वर्षीय किसान विनोद कुमार की फावड़े से काटकर हत्या कर दी गई। मुकदमा दर्ज।
छेड़छाड़ का विरोध करने पर गर्भवती के पेट में मारी लात, गर्भ गिरा
बागपत में बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक ने गर्भवती के पेट में लात मार दी इससे उसका तीन माह का गर्भ गिर गया। गंभीर हालत में महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज।
परिणय सूत्र में बंधीं मल्ल अंशु तोमर
बागपत में अंतरराष्ट्रीय महिला मल्ल अंशु तोमर राष्ट्रीय पहलवान धर्मेंद्र के साथ परिणय सूत्र में बंध गईं। लॉकडाउन में शारीरिक दूरी का ध्यान रखते हुए सम्पन्न हुआ शादी समारोह। बरात में दूल्हा समेत तीन लोग महाराजगंज जनपद से आये थे।