मोदी-योगी को अपशब्द कहने वाले दे रहे धमकी
कृषि कानूनों के विरोध में जहां एक तरफ भारतीय किसान यूनियन दिल्ली में आंदोलनर है।
मेरठ, जेएनएन। कृषि कानूनों के विरोध में जहां एक तरफ भारतीय किसान यूनियन दिल्ली में आंदोलनरत है। वहीं, संगठन की पूर्व महिला जिलाध्यक्ष नेहा त्यागी सोमवार को कलक्ट्रेट पर कानून के समर्थन में पहुंचीं। नेहा प्रयास सेवा सदन के बैनर तले नेहा त्यागी व उनके पति अमरीश त्यागी ने कृषि कानूनों को किसानों के हित में करार दिया तो साथ ही उन्होंने 14 दिसंबर को मोदी और योगी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले युवकों से जान को खतरा भी बताया।
यह था मामला -
नेहा त्यागी का कहना है कि वह भारतीय किसान यूनियन में 10 सालों तक महिला विग की जिलाध्यक्ष रहीं। 14 दिसंबर को कलक्ट्रेट में कृषि कानूनों के विरोध में हुए धरना-प्रदर्शन में उन्होंने कुछ युवकों का विरोध किया था। युवक प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए नारेबाजी कर रहे थे। विरोध करते हुए नेहा त्यागी युवकों से भिड़ गई। आरोपित युवकों ने पति अमरीश त्यागी से भी हाथापाई भी की। नेहा त्यागी ने कहा कि उन्हें घटना के बाद से लगातार धमकी दी जा रही है। नेहा का कहना है कि कृषि कानूनों के विरोध में प्रदर्शन करना ठीक है, लेकिन उसकी आड़ में देश के मुख्यमंत्री में प्रधानमंत्री को अपशब्द कहना किसी भी हाल में सही नहीं ठहराया जा सकता। इस दौरान राजेंद्र, सतीश चंद, सदाकत, सलेख चंद, अनुज कौशिक, ताराचंद कौशिक, जोगिदर सिंह, सुमन देवी, सिमरन, अर्चना शर्मा, दीपक, निर्मला, पूनम देवी, सुंदरी आदि मौजूद रहे।
----
वर्तमान में जिलाध्यक्ष नहीं हैं नेहा : जिलाध्यक्ष मनोज
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष मनोज त्यागी ईकड़ी ने कहा कि नेहा त्यागी पूर्व में महिला विग की जिलाध्यक्ष थीं। वर्तमान में उनके पास कोई पद नहीं है। उधर, नेहा का कहना है कि उन्हें पद से हटाने के लिए अभी तक कोई पत्र नहीं मिला।