Diwali 2021 : बागपत में धूम धड़ाका कम, छोटी दीवाली पर हो रही सजावटी सामान, मिठाई व इलेक्ट्रानिक आइटम की खरीदारी
बागपत में छोटी दीवाली को लोग सजावटी सामान मिठाई कपड़े व इलेक्ट्रानिक सामानों की खरीदारी कर रहे हैं। वाहन बाजार में भी दम आया है। इस बार पटाखे गायब से हैं। कुछ लोगों के पास पुराने पटाखे रखे हुए हैं जिन्हें छुड़ाकर थोड़ा बहुत मनोरंजन करेंगे।
बागपत, जागरण संवाददाता। दीपोत्सव को लेकर बाजारों में भीड़ है। छोटी दीवाली को लोग सजावटी सामान, मिठाई, कपड़े व इलेक्ट्रानिक सामानों की खरीदारी कर रहे हैं। वाहन बाजार में भी दम आया है। लोग दोपहिया वाहन व चार पहिया वाहनों के शोरूम में खरीदारी करते दिखे। दीपावली के त्योहार पर पटाखे गायब हैं।
बाजारों में ग्रीन पटाखे भी नहीं आ रहे नजर
बाजारों में पटाखे नहीं होने से बच्चे खासे परेशान हैं। बाजारों में ग्रीन पटाखे भी नजर नहीं आ रहे है।
पुलिस और प्रशासन की सख्ती के चलते इस बार धूम धड़का तो कम होगा, लेकिन पर्यावरण भी संरक्षित होगा। लोगों के पास गत वर्षों के ही पटाखे रखे हुए हैं, जिनको छुड़ाकर थोड़ा बहुत मनोरंजन करेंगे। प्रशासन ने पटाखें बनाने वाले और बेचने वालों पर सख्ती की है, जिसके चलते शहर के बाजारों में इस किसी भी तरह का पटाखा नजर नहीं आ रहा है। लोग दुकानों पर लेने के लिए आ रहे तो रहे, लेकिन मायूस होकर लौटना भी पड़ रहा है। इस तरह से इस बार धूम धड़ाका कम होगा।
दुकानदार विकास का कहना है कि सख्ती के चलते पटाखे बाजार में नहीं है। ग्रीन पटाखों की उपलब्धता काफी कम है। इसी कारण व्यापारियों को बाजार में ग्रीन पटाखे नहीं मिल रहे है। युवा सुनील का कहना है कि पटाखों से प्रदूषण होता है। इसी कारण इस बार बिना पटाखों के दीपावली बनाने का संकल्प लिया है।
जिले में एक भी पटाखे बेचने का लाइसेंस नहीं
इस वर्ष जिले में पटाखे बेचने का लाइसेंस किसी व्यापारी के पास नहीं है। खुले में पटाखे बेचने के लिए हर साल लाइसेंस बनता था, लेकिन इस बार किसी भी दुकानदार ने आवेदन नहीं किया।
चोरी छिपे बेचे जा रहे पटाखे
प्रशासन की सख्ती के चलते बाजार में पटाखे नहीं हैं। इसी के चलते देहात क्षेत्रों में घरों में बनाए गए पटाखे बेचे जा रहे हैं। देहात क्षेत्रों में पटाखों को पकड़ने के लिए पुलिस ने अभियान भी चलाया था, लेकिन एक या दो पटाखे बेचने वाले ही पकड़े हैं। अमीनगर सराय, बिनौली व दाहा क्षेत्र में अवैध पटाखों का जखीरा पकड़ा जा चुका है।