'आबादी ने देश रुलाया' से दिया जनसंख्या नियंत्रण का संदेश
जनसंख्या नियंत्रण की अलख जगा रहे शहर के तलवार दंपती के संघर्ष को 28 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को कवि डा. ईश्वरचंद गंभीर के काव्य संग्रह आबादी ने देश रुलाया का कमिश्नर सभागार में विमोचन हुआ।
मेरठ, जेएनएन। जनसंख्या नियंत्रण की अलख जगा रहे शहर के तलवार दंपती के संघर्ष को 28 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को कवि डा. ईश्वरचंद गंभीर के काव्य संग्रह 'आबादी ने देश रुलाया' का कमिश्नर सभागार में विमोचन हुआ। मुख्य अतिथि कमिश्नर सुरेंद्र सिंह द्वारा काव्य संग्रह का विमोचन किया गया। विशिष्ट अतिथि दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक सोमेंद्र तोमर रहे। कार्यक्रम की शुरुआत डा. ईश्वरचंद गंभीर ने कविता के माध्यम से लोगों को जनसंख्या नियंत्रण पर जागरूक किया। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान तेजी से बढ़ती देश की आबादी को लेकर अपनी काव्य रचनाओं का पाठकर लोगों का ध्यान खींचा। वहीं कमिश्नर सुरेंद्र सिंह ने कहा कि मैं शुरू से ही जनसंख्या नियंत्रण को एक बड़ी समस्या के तौर पर देखते आया हूं। सरकार ने जनसंख्या नीति लाकर इस दिशा में प्रयास तेज किए हैं। अब सभी को छोटा परिवार, सुखी परिवार के मंत्र को समझना होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता डा. सुनील गुप्ता व संचालन कवयित्री शुभम त्यागी ने किया। सुरभि परिवार फाउंडेशन के अध्यक्ष दिनेश तलवार ने बताया उन्होंने अगले वर्ष स्वतंत्रता दिवस तक 165 शहरों की यात्रा करने का संकल्प लिया है। 21 अगस्त से उत्तराखंड की चार दिवसीय जागरूकता यात्रा के बारे में जानकारी दी।
हाथी के चित्र बनाकर किया लोगों को जागरूक : आरजी पीजी कालेज में ईको वसुधा क्लब द्वारा विश्व हाथी दिवस पर आनलाइन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका उद्देश्य लोगों को हाथी के संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम में हाथी के चित्र बनाकर लोगों को जागरूक किया गया। इस दौरान प्राचार्य डा. दीपशिखा शर्मा, डा. अमिता शर्मा डा. कल्पना चौधरी डा. सीमा जैन और डा. दीक्षा यजुर्वेदी भी उपस्थित रही।