पलायन तो है, मगर भटका रहे हैं अफसर : विश्व हिदू महासंघ
लिसाड़ी गेट क्षेत्र के प्रहलाद नगर में शरारती तत्वों की अराजकता से परेशान होकर पलायन करने को मजबूर परिवारों का दर्द पुलिस-प्रशासन सुनने को तैयार नहीं है।
मेरठ, जेएनएन : लिसाड़ी गेट क्षेत्र के प्रहलाद नगर में शरारती तत्वों की अराजकता से परेशान होकर पलायन करने को मजबूर परिवारों का दर्द पुलिस-प्रशासन सुनने को तैयार नहीं है। दहशत की वजह से एक के बाद एक मकान बिक रहा है, यह पलायन नहीं तो क्या है। पलायन को प्रशासनिक अफसर भी समझ रहे हैं, मगर अपनी गर्दन फंसती देख मुद्दे से लोगों को भटका रहे हैं। यह बात गुरुवार को प्रहलाद नगर में पलायन का हाल जानने पहुंचे विश्व हिदू महासंघ की जिला इकाई के पदाधिकारियों ने कही।
विश्व हिदू महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं। महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर प्रहलाद नगर में पलायन का हाल जानने पहुंचे महासभा के जिलाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने अफसरों से भी बातचीत की। जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रहलाद नगर के लोगों को कालोनी चारों तरफ से सुरक्षित चाहिए, ताकि बचे परिवारों का पलायन न हो, इसमें देरी क्यों हो रही है। एडीजी, कमिश्नर, आइजी, डीएम, एसएसपी समेत आला अफसरों ने गुरुवार को प्रहलाद नगर का दौरा किया। उन्होंने कहा कि अफसरों ने यह भी माना कि प्रहलाद नगर में शरारती तत्वों का उत्पात है। परिवार मकान बेचकर भी गए हैं, जब अफसर खुद मकानों की बिक्री होने की बात स्वीकार कर रहे हैं तो फिर इसके अलावा पलायन किसे कहते हैं? अफसर पूरे मुद्दे से स्थानीय लोगों को भटकाने का काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री को गोपनीय पत्र लिखकर भेजा जाएगा, जिसमें मेरठ जोन व जिले के पुलिस-प्रशासनिक अफसरों की शिकायत की जाएगी, यानी सच्चाई से भी मुख्यमंत्री को गुमराह किया जा रहा है।