सहारनपुर के इस जर्जर मार्ग की तरफ नहीं है किसी का ध्यान, धान से भरी ट्रैक्टर-ट्राली पलटी
सरकार ने करोड़ों रुपये की लागत से सहारनपुर में यूपी-हरियाणा को जोड़ने वाला यमुना पुल बनवाया है लेकिन इस पुल तक जाने वाले लखनौती-दौलतपुर मार्ग की खस्ताहालत पर किसी का ध्यान नहीं है। यहां अक्सर हादसे होते रहते हैं। इससे लोगों में रोष है।
सहारनपुर, जागरण संवाददाता। लखनौती क्षेत्र में सड़क जर्जर होने के चलते एक किसान की धान से भरी ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई। दुर्घटना में वाहन पर सवार लोग बाल-बाल बच गए। किसान को वाहन और धान का काफी नुकसान हुआ है।
सरकार द्वारा करोड़ों रुपये की लागत से यूपी-हरियाणा को जोड़ने वाला यमुना पुल तो बना दिया गया, लेकिन पुल तक जाने वाले लखनौती-दौलतपुर मार्ग की खस्ताहालत पर किसी भी जनप्रतिनिधि या सरकार अधिकारी का ध्यान नहीं है। यह सड़क पिछले काफी समय से जर्जर स्थिति में है। छह किलोमीटर का एक टुकड़ा तो ऐसा है जिसमें गड्ढों में सड़क ढूंढनी पर रही है। सड़क खराब होने के चलते आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। बुधवार को गांव कपूरी निवासी किसान मुख्तार व सचिन अपने-अपने ट्रैक्टर-ट्राली में धान भर कर करनाल जा रहे थे। लखनौती-दौलतपुर पर सड़क में गड्ढे होने के कारण मुख्तार की ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई। दुर्घटना में वाहन पर सवार लोग बाल-बाल बच गए। किसान का काफी धान सड़क पर बिखर गया। दुर्घटना से किसान का काफी नुकसान हुआ है। धान को इकट्ठा करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। खस्ताहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों में रोष है।
हाईवे पर टैंकर और कार की टक्कर, तीन घायल
गंगोह क्षेत्र में बुधवार सुबह करनाल हाईवे पर टैंकर व कार की टक्कर हो गई। टक्कर में तीन लोग घायल हो गए गांव कलसी निवासी बिट्टू बुधवार सुबह करनाल हाईवे से होकर टैंकर में कहीं जा रहा था। गांव कलाहलटी व बीनपुर के बीच हरियाणा से आ रही कार व टैंकर में टक्कर हो गई। दोनों वाहन जोरदार आवाज के साथ भिड़े तो आवाज सुनकर आसपास के लोग घटना स्थल की और दौड़े। दुर्घटना में तीन लोग घायल हो गए जिनको वाहनों से बाहर निकाला गया। तीनों को ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। घायल होने वालों में कार सवार हरियाणा के करनाल जनपद के गांव अलीपुरा निवासी रवि व अनिल तथा टैंकर सवार अनिल थे। अनिल को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया है।