दस साल पुरानी रंजिश में फायरिंग, परचून व्यापारी को लगी तीन गोली
दौराला थाना क्षेत्र के साधुओं की नंगली आजड़ गांव में गुरुवार रात रंजिश को लेकर ताबड़तोड़ फयरिंग कर दी।
मेरठ, जेएनएन। दौराला थाना क्षेत्र के साधुओं की नंगली आजड़ गांव में गुरुवार रात रंजिश को लेकर आधा दर्जन हमलावरों ने दुकान पर बैठे परचून व्यापारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। दुकानदार को तीन गोली लगी। हमलावरों में एक महिला भी बताई जा रही है। पुलिस ने घायल को एसडीएस ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया है। दौराला क्षेत्र में हाईवे के पास स्थित साधुओं की नंगली आजड़ गांव निवासी शौकीन पुत्र सतपाल की आश्रम परिसर मार्केट में परचून की दुकान है। शौकीन ने बताया कि वह गुरुवार रात करीब पौने आठ बजे दुकान पर बैठा था। तभी दो बाइक पर सवार गांव निवासी छह लोग आए और उस पर फायर कर दिया। एक गोली शौकीन के पेट में लगी। वह दुकान से निकलकर भाग निकला। हमलावरों ने उस पर फायर किया, जिसमें दूसरी गोली कमर और तीसरी बाएं हाथ में लगी। हमलावर भाग निकले। शौकीन ने पुलिस से बताया कि हमलावरों में मोनू, अमरजीत, श्यामा और शोभा समेत दो अज्ञात थे। बताया कि करीब दस वर्ष पहले अमरजीत व श्यामा पक्ष से उनका झगड़ा हुआ था। मुकदमें दर्ज हुए थे और समझौता भी हो गया था। इसके बावजूद श्यामा पक्ष रंजिश रखने लगा था। थानाध्यक्ष करतार सिंह का कहना है कि हमलावरों की तलाश में पुलिस टीम लगाई गई है, जल्द ही गिरफ्तारी होगी।