किरायेदार ने मकान मालिक परिवार पर किया हमला, आगजनी का प्रयास Meerut News
मोदीपुरम में पल्लवपुरम फेज-दो स्थित पी-पॉकेट में एक हफ्ते पूर्व रहने वाले किरायेदार ने शुक्रवार सुबह अपने दोस्तों संग मिलकर मकान मालिक और उनके परिवार पर हमला कर दिया।
मेरठ, जेएनएन। पल्लवपुरम फेज-दो स्थित पी-पॉकेट में एक हफ्ते पूर्व रहने वाले किरायेदार ने शुक्रवार सुबह अपने दोस्तों संग मिलकर मकान मालिक और उनके परिवार पर हमला कर दिया। सामान में तोड़फोड़ कर दी। किरायेदार की पत्नी ने सिलेंडर का पाइप निकलाकर आग लगाने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किरायेदार पक्ष के दो हमलावरों को धर दबोचा, जबकि अन्य फरार हो गए।
एक सप्ताह आया था किरायेदार
फेज-दो स्थित पी-पॉकेट निवासी संतराम बिल्डिंग ठेकेदार हैं। संतराम ने पुलिस को बताया कि एक हफ्ते पूर्व उनके मकान में किरायेदार अशोक परिवार के साथ रहने आया था। पूरी रात मकान में बाहरी लोगों का आना-जाना रहता है। घर के बाहर खड़े टेंपो को भी अशोक ने चुराने का प्रयास किया, मगर उसे संतराम ने पकड़ लिया। संतराम ने मकान खाली करने को कहा, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ।
लोहे की रॉड लेकर दौड़े
संतराम और पड़ोसियों का आरोप है कि शुक्रवार को संतराम अपने परिवार संग मकान के ऊपरी हिस्से में था, तभी अशोक ने अपने साथियों संग मिलकर मकान मालिक के परिवार पर हमला कर दिया। संतराम और उसका बेटा घर से बाहर भागे तो लोहे की रॉड लेकर उनके पीछे हमलावर सरेराह दौड़े। पड़ोसियों ने पिता-पुत्र की जान बचाई।
गैस लीक से आग लगाने की कोशिश
वहीं अशोक की पत्नी ने सिलेंडर का पाइप निकलाकर गैस लीक कर मकान में आग लगाने का प्रयास किया, जिसके बाद पड़ोसियों ने सिलेंडर छीनकर बाहर लाए। पुलिस मौके पर पहुंची और हमलावर दो युवकों को हिरासत में थाने ले गई, बाकी फरार हो गए। संतराम ने प्रकरण की तहरीर पुलिस को दी है। थानाध्यक्ष दिग्विजय सिंह शाही का कहना है कि तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी, बाकी फरार भी पकड़े जाएंगे।